लता मंगेशकर को सांस लेने में तकलीफ, मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती

डिजिटल डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड की लीजेंडरी सिंगर लता मंगेशकर को अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्हें सांस लेने की समस्या की शिकायत के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा था कि उनकी हालत गंभीर है और उनका आईसीयू में ईलाज चल रहा है। मंगेशकर का इलाज डॉ. फारूख ई उदवाडिया कर रहे हैं, जो अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा सलाहकार भी हैं। हालांकि, लता मंगेशकर की भतीजी रचना शाह ने सिंगर के गंभीर होने की खबरों को खारिज कर दिया।
रचना शाह ने कहा, "वह गंभीर नहीं है। ये सभी खबरें गलत है। उनकी हालत स्थिर है और वह ठीक हो रही है। उन्हें वायरल इंफेक्शन हुआ है।" उन्होंने कहा, "हम उनका इलाज घर पर नहीं कर सकते थे, इसलिए हमने उन्हें अस्पताल ले जाने का फैसला किया। यह अस्पताल हमारे घर के करीब है।"
अस्पताल के एक प्रतिनिधि ने भी कहा कि "लता मंगेशकर छाती के वायरल संक्रमण से थोड़ा परेशान थी। अब वह ठीक है। वह निश्चित रूप से कल रात की तुलना में बेहतर है। वह 3-4 दिनों में बिल्कुल ठीक हो जाएंगी।"
लता मंगेशकर ने 28 सितंबर को अपना 90वां जन्मदिन मनाया। पूरा बी-टाउन उन्हें उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देने पहुंचा था।
बता दें कि लता मंगेशकर भारत में सबसे सम्मानित पार्श्व गायकों में से एक हैं और उन्होंने एक हजार से अधिक हिंदी फिल्मों में गाने रिकॉर्ड किए हैं और छत्तीस क्षेत्रीय भारतीय भाषाओं और विदेशी भाषाओं में गाने गाए हैं। लता को कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है, जिनमें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार, भारत रत्न, तीन राष्ट्रीय पुरस्कार और कई अन्य शामिल हैं।
Created On :   11 Nov 2019 5:09 PM IST