बॉलीवुड: कंगना रनौत की को-स्टार की हुई मौत, पंखे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

- एक्ट्रेस मल्लिका राजपूत की हुई मौत
- पंखे से लटका मिला शव
- जांच में जुटी पुलिस
डिजिटल डेस्क, मुंबई। फिल्म इंडस्ट्री से एक चौकाने वाली खबर आई है। एक्ट्रेस और सिंगर विजय लक्ष्मी उर्फ मल्लिका राजपूत की मौत हो गई है। एक्ट्रेस का शव उनके सुल्तानपुर स्थित घर में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया है। पुलिस के मुताबिक 13 फरवरी की रात मल्लिका का शव उनके कमरे के पंखे लटका हुआ पाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वारदात के समय मल्लिका के माता-पिता घर पर ही थे। मृतका की मां बताया कि रात के समय उनकी मल्लिका से थोड़ी बहस हुई थी। जिसके बाद उन्होंने सुबह देखा, तो कमरे में उसका शव पंखे से लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही फोरेंसिक जांच करने के बाद कमरे को सील कर दिया। एक्ट्रेस की मौत कैसे हुई इसका असली पता तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा।
बता दें कि मल्लिका सुल्तानपुर के सीताकुंड इलाके की रहने वाली मल्लिका कुछ साल पहले मुंबई शिफ्ट हो गई थीं। गाने के साथ-साथ उन्होंने अभिनय में भी हाथ अजमाया था। वह कंगना के साथ फिल्म 'रिवॉल्वर रानी' में नजर आईं थी, जिसमें उन्होंने सपोर्टिंग रोल निभाया था। इसके अलावा उन्होंने सिंगर शान के साथ एक म्युजिक एलबम में भी काम किया था। दो वेब सीरीज में काम करने के अलावा मल्लिका 600 से ज्यादा गजलें भी गा चुकी थीं। उन्होंने दिग्गज गजल गायक जगजीत सिंह और अनूप जलोटा के साथ भी काम किया था।
फिल्म और संगीत जगत में असफल होने के बाद मल्लिका ने आध्यात्म का रुख किया। साल 2022 में उन्हें उत्तरप्रदेश के भारतीय सवर्ण संघ की नेशनल सेक्रेटरी जनरल चुना गया था। बता दें कि मल्लिका एक प्रशिक्षित कथक डांसर भी थीं। वह गजल भी लिखती थीं, जिन्हें वो अलग-अलग कवि सम्मेलनों में पढ़कर सुनाती भी थीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मल्लिका ने 4 साल पहले प्रदीप शिंदे नाम के एक शख्स से शादी भी की थी। कहा जाता है कि एक्ट्रेस की शादीशुदा जिंदगी दिक्कतों से गुजर रही थी। उनकी मौत से जहां फिल्म और म्युजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है वहीं इस घटना से उनके परिजन सकते में हैं।
Created On :   14 Feb 2024 3:35 AM IST