अचानक हुई ब्लास्टिंग से दहला कुडामैली, ग्रामीणों में दहशत

हाइवे का चल रहा है निर्माण कार्य, एक दर्जन मकान दुकान क्षतिग्रस्त, दो चोटिल स्कर अचानक हुई ब्लास्टिंग से दहला कुडामैली, ग्रामीणों में दहशत

Bhaskar Hindi
Update: 2022-01-27 16:19 GMT

डिजिटल डेस्क  मंडला। नेशनल हाइवे 30 के निर्माण कार्य के दौरान चट्टान को तोडऩे के लिए की गई ब्लास्टिंग से कुडामैली गांव दहल गया है, यहां ब्लास्टिंग से करीब एक दर्जन घर और मुकान को क्षति पहुंची है, दो लोग चोटिल हुये है। इस घटना के बाद नाराज ग्रामीणों के द्वारा हाइवे को जाम कर दिया गया है, यहां प्रशासन और सड़क निर्माण कंपनी की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। जानकारी के मुताबिक नेशनल हाइवे 30 का निर्माण कार्य कुड़ामैली में चल रहा है। यहां पुल निर्माण और सड़क के कार्य के दौरान बड़ी चट्टान को तोडऩे के लिए गुरूवार को दोपहर करीब 3 बजे ब्लास्ट किया गया।
सूचना ग्रामीणों को पहले से नही दी गई थी, अचानक कुछ समय पहले ब्लास्ट की जानकारी दी तो अफरातफरी मच गई, दुकानदार दुकान बंद कर भागने वाले ही थे, कि तभी ब्लास्ट कर दिया।इस आवाज से पूरा गांव दहल गया। चट्टान के पत्थर हवा में उड़े और गांव में जाकर गिरे, जिससे एक दर्जन मकानों की क्षति पहुंची है। ब्लास्ट में दो लोग घायल हुये है। पहले बिना सूचना के की गई ब्लास्टिंग से हुये नुकसान और दहशत के माहौल के चलते ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया है।
ग्रामीणों के हाइवे जाम से वाहनों की लाइन
यहां घटना के बाद ग्रामीणों ने जमकर आक्रोश पनप गया है, ग्रामीणों ने हाइवे का जाम कर दिया। यहां ग्रामीण सड़क पर बैठ गये है। जिसके चलते वाहनों की लंबी कतार हाइवे में लग गई है। गा्रमीणों के द्वारा प्रशासन और सड़क निर्माण कंपनी के खिलाफ जमकर आक्रोश देखा जा रहा है, पंचायत के द्वारा 25 जनवरी को ही ठेका कंपनी के कार्य को लेकर आपत्ति जताई गई थी, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन के द्वारा यहां ध्यान नहीं दिया गया, जिसके चलते गा्रमीणों में ज्यादा नाराजगी देखी जा रही है। हाइवे में जाम लगने के बाद यहां आवाजाही करने वाले लोगो को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
इनके मकान दुकान क्षतिग्रस्त हुए
ब्लास्ट से लक्ष्मण झारिया और पवन यादव को चोट आई है। इसके अलावा राम भरोस यादव, रमेश यादव, उमाशंकर यादव, बजारी यादव, अकबर खान, मनीष यादव, हलकेराम यादव के मकान और बल्ला विश्वकर्मा, सरजू यादव के दुकान को नुकसान पहुंचा है। ब्लास्टिंग से कच्चें मकानों के छप्पर क्षतिग्रस्त हो गये है। दीवार में क्रेक आये है, कच्चे मकान के अंदर तक पत्थर पहुंचे है। शुक्र है कि कोई बड़ी घटना ब्लास्टिंग से नही हो पाई है।
एक पखवाड़े में दूसरी बार जाम
बताया गया है कि 12 जनवरी को शाम करीब सात बजे जबलपुर से मंडला की ओर आ रही बस के चालक ने दुकान से घर जा रहे युवक नीतेश यादव को टक्कर मार दी थी। जिसके बाद ग्रामीणों ने नाराजगी के चलते हाइवे को जाम कर दिया था, यह पखवाड़े में दूसरी बार सड़क ठेका कंपनी से आक्रोश के चलते ग्रामीणों को फिर सड़क पर उतरना पड़ा है।  यहां लंबे समय से सड़क का काम धीमी गति से किया जा रहा है। जिससे रहवासी परेशान हो रहे है।
समझाइश के बाद माने ग्रामीण
दोपहर से लगाये गये जाम के चलते करीब दोनो तरफ पांच किमी लंबी वाहनो की लाइन लग गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियो ने काफी समझाइश दी। जिसके बाद ग्रामीणो का गुस्सा कुछ हद तक शांत हुआ। शाम साढ़े सात बजे ग्रामीण सड़क से हटे। जिसके बाद वाहनो की आवाजाही शुरू हुई और यहां वाहन चालको और यात्रियो ने भी राहत की सांस ली है। करीब चार घंटे से अधिक जाम लगा रहा।
छह साल से अधूरा हाइवे
वर्ष 2015 से सड़क का कार्य शुरू हुआ है। ठेका कंपनी को छह साल में भूमि अधिग्रहण और वनक्षेत्र के कारण 6 बार समयावधि बढ़ाने का मौका मिल चुका है। इसके बावजूद अभी काम अधूरा पड़ा है। ठेका कंपनी के द्वारा निर्माण कार्य में लापरवाही की जा रही है। जिसके चलते काम में देरी हो रही है। ठेका कंपनी की लापरवाही के चलते जनता भी परेशान है।

Tags:    

Similar News