अनावरण का इंतजार करती महान क्रांतिकारी बिरसा मुंडा की मूर्ति

जिम्मेदार मौन, मना रहे गौरव दिवस अनावरण का इंतजार करती महान क्रांतिकारी बिरसा मुंडा की मूर्ति

Bhaskar Hindi
Update: 2021-11-15 18:02 GMT
अनावरण का इंतजार करती महान क्रांतिकारी बिरसा मुंडा की मूर्ति


डिजिटल डेस्क शहडोल/धनपुरी। महान क्रांतिकारी बिरसा मुंडा की जयंती पर भोपाल में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है, लेकिन धनपुरी नगर पालिका क्षेत्र में करीब चार वर्ष पहले स्थापति उनकी प्रतिमा का आज तक अनावरण नहीं किया गया है। नगर पालिका क्षेत्र में हनुमान मंदिर के ठीक सामने बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित करवाई गई है। वर्षों बाद भी प्रतिमा को अनावरण का इंतजार है।
   बिरसा मुंडा की प्रतिमा के साथ ही धनपुरी नगरपालिका क्षेत्र अंतर्गत शासकीय कन्या उत्तर माध्यमिक विद्यालय संकुल केंद्र स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक मंच के ठीक सामने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धनपुरी के ठीक सामने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा एवं चीप हाउस में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थापित की गई है। आज से लगभग साढ़े चार पांच साल पहले नगर पालिका परिषद धनपुरी द्वारा सभी महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित करवाई गई थी। इस पर लाखों रुपए खर्च किए गए थे, लेकिन प्रतिमा का विधिवत अनावरण आज तक नहीं हो सका है। महापुरुषों की जयंती एवं पुंयतिथि पर किसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित नहीं हो पाते हैं। प्रतिमाएं जीर्ण-शीर्ण भी होने लगी हैं।
लगातार टलता गया अनावरण
तत्कालीन नगर पालिका अध्यक्ष रविंदर कौर छाबड़ा के नेतृत्व में परिषद ने इन मूर्तियों की स्थापना करवाई गई थी, लेकिन अनावरण के पहले ही उनका कार्यकाल खत्म हो गया। इसके बाद प्रशासक की तैनाती हो गई। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई तब नगर पालिका धनपुरी में प्रशासनिक समिति का गठन हुआ मुबारक मास्टर इस समिति के अध्यक्ष बनाए गए। उनके द्वारा एक बार महापुरुषों की प्रतिमा का अनावरण करने की दिशा में प्रयास किया गया लेकिन अनुमति नहीं मिल पाई। दो वर्षों से कोरोना संक्रमण के चलते भी कार्यक्रम टलता चला गया।
प्रभारी मंत्री ने भी नहीं निभाया वादा
जिले के प्रभारी मंत्री रामखेलावन पटेल ने चर्चा के दौरान पिछले दिनों कहा था अगली बार आऊंगा तो मूर्तियों का अनावरण करवा दिया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष कमल प्रताप सिंह एवं नगर पालिका धनपुरी के सीएमओ रविकरण त्रिपाठी को कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने को कहा था। इसके बाद से प्रभारी मंत्री दो बार जिले के प्रवास पर रहे, लेकिन महापुरुषों की मूर्तियों का अनावरण नहीं हो सका। धनपुरी नगर में जनता चर्चा करती है कि जब मूर्तियों का अनावरण नहीं करना था तो जनता के पैसों की होली क्यों खेली गई। इस संबंध में सीएमओ रविकरण त्रिपाठी का कहना है कि जिला प्रशासन को पत्र लिखा गया है। वहां से निर्देश मिलने के बाद ही अनावरण की कार्रवाई की जा सकती है।

Tags:    

Similar News