गोंदिया: दिवाली से पहले नहीं होगी शासकीय धान की खरीदी!

  • अब तक केवल 2046 किसानों का हुआ ऑनलाइन पंजीयन
  • शासकीय धान की खरीदी का मामला
  • दिवाली से पहले नहीं होगी खरीदी!

Bhaskar Hindi
Update: 2023-11-09 12:46 GMT

डिजिटल डेस्क, गोंदिया. जिले में धान की फसल कटकर किसानों के घरों में जमा हो चुकी है। लेकिन शासकीय धान खरीदी केंद्रों को अब तक कहीं भी खरीदी शुरू नहीं हुई है। दिवाली के त्योहार को मात्र दो-तीन दिन शेष है। ऐसे में किसी भी स्थिति में दिवाली से पहले जिले में धान खरीदी केंद्र शुरू होने की संभावना नहीं है। अब तक हजारों की संख्या में किसानों ने केंद्र सरकार द्वारा घोषित समर्थन मूल्य से 200 से 300 रुपए प्रति क्विंटल कम दर से निजी व्यापारियों को अपना धान बेच दिया है। क्योकि वे वर्ष के सबसे बड़े त्योहार की खुशियों को सरकार के भरोसे नहीं छोड़ सकते।

इस संबंध में जिला मार्केटिंग अधिकारी विवेक इंगले से जानकारी मांगने पर उन्होंने बताया कि जिले में 143 धान खरीदी केंद्र शुरू करने के लिए प्रयास जारी है। इस संबंध में शासन का जीआर अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। जीआर मिलते ही प्रत्यक्ष धान खरीदी शुरू की जाएगी। गौरतलब है कि पहले चरण में 34 केंद्रों को मंजूरी दी गई थी। शासकीय धान खरीदी केंद्रों पर अपने धान की बिक्री करने वाले किसानों को पहले सेंटर पर जाकर अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवाना पड़ता है और पंजीकरण होने के बाद ही वह किसान शासकीय धान खरीदी केंद्र पर अपने धान की बिक्री करने के लिए पात्र माना जाता है। जिले में लगभग 1 लाख किसान हैं। जिनमें से अब तक केवल 2046 किसानों का ही ऑनलाइन पंजीयन हुआ है। इंगले का कहना है कि सभी 143 सेंटरों पर 8 नवंबर से पंजीयन का काम शुरू हुआ है। लेकिन जब तक जीआर नहीं आएगा तब तक धान खरीदी शुरू करना संभव नहीं है। अब यह स्पष्ट है कि न दिवाली के पहले जीआर आएगा और न धान खरीदी शुरू होगी।

किसान औने-पौने दामों पर अपना धान व्यापारियों को बेचकर जैसे-तैसे दिवाली मनाएंगे और बाद में यही धान व्यवसायीयों द्वारा किसानों के सातबारा प्रमाणपत्र के आधार पर शासकीय धान खरीदी केंद्र पर बेचा जाएगा।

कुल मिलाकर दिवाली से पहले किसी भी स्थिति में े शासकीय धान खरीदी शुरू नहीं होगी यह तय है। ऐसे में शासकीय खरीदी का लाभ केवल बड़े किसानों को मिलेगा। जबकि छोटे और मध्यम वर्गीय किसान लंबे समय तक धान खरीदी शुरू होने का इंतजार करते हुए फसल को घर में नहीं रख सकते। 

Tags:    

Similar News