सवा तीन करोड़ की राशि से 432 किसानों के धान का होगा भुगतान

  • नागरी आपूर्ति विभाग ने दिए संस्था को भुगतान के आदेश
  • सांसद पटेल के हस्तक्षेप ने दिलवायी किसानों को राहत

Bhaskar Hindi
Update: 2023-09-06 13:09 GMT

डिजिटल डेस्क, गोंदिया. राज्य के नागरी आपूर्ति विभाग ने 5 सितंबर को गोंदिया तहसील के ग्राम चुटिया के श्रीराम अभिनव धान खरीदी संस्था में धान की बिक्री करनेवाले कुल 432 धान उत्पादकों के कुल 15 हजार 996 क्विंटल धान के कुल 3 करोड़ 26 लाख 31 हजार 840 रुपए के भुगतान का आदेश दिया है। गौरतलब है कि जिले के गोंदिया तहसील के ग्राम चुटिया की श्रीराम अभिनव सहकारी संस्था में हुआ धान खरीदी घाेटाला सामने आने के बाद राज्य के पणन विभाग ने यहां संस्था के खरीदी केंद्र पर अपना धान बेचने वाले कुल 432 किसानों के धान का भुगतान रोक दिया था। इससे आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों ने धान के भुगतान को लेकर डीएमओ कार्यालय के अनेक चक्कर लगाए, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। आखिरकार पीड़ित किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व विधायक राजेंद्र जैन के नेतृत्व में सांसद प्रफुल पटेल से भेंट कर उन्हें अपनी व्यथा बताई।

प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री के हुए हस्ताक्षर : विधायक विनोद अग्रवाल के निवास के समक्ष श्रीराम अभिनव संस्था, चुटिया को बेचे गए धान के भुगतान की मांग को लेकर किसानों ने कुछ दिनों पूर्व दो दिनों तक धरना आंदोलन किया था। जिसके बाद विधायक विनोद अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से लेकर अन्य संबंधित मंत्रियों एवं अधिकारियों के साथ चर्चा की थी। बताया कि 5 सितंबर को उन्होंने स्वयं मुंबई के सह्याद्री भवन में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ मुलाकात कर किसानों के भुगतान संबंधी प्रस्ताव पर उनके हस्ताक्षर लिए। जिसके फलस्वरूप कुछ ही दिनों में किसानों को उनके हक के 3.5 करोड़ रुपयों का भुगतान मिलेगा। उन्होंने कहा कि धान खरीदी में जिस किसी ने किसानों के साथ धोखाधड़ी की है, उन पर कार्रवाई के लिए भी वे किसानों के साथ लड़ाई जारी रखेंगे। इस प्रकरण में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सकारात्मक निर्णय के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है।

जिन किसानों के पास रसीद नहीं उनके भी धान का भुगतान करे सरकार : अग्रवाल

पूर्व विधायक गोपालदास अग्रवाल के अनुरोध पर राज्य के नागरी आपूर्ति विभाग ने 5 सितंबर को ग्राम चुटिया के श्रीराम अभिनव धान खरीदी संस्था के कुल 432 किसानों के 15 हजार 996 क्विंटल धान के 3 करोड़ 26 लाख 31 हजार 840 रुपए के भुगतान का आदेश दिया है। इस बारे में उन्होंने मुंबई से डीएमओ से बात कर किसानों का भुगतान जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए। इसी तरह जिन किसानों ने संस्था संचालकों पर विश्वास कर धान दे दिया और संचालकों ने उनका धान गायब कर उन्हें रसीद तक नहीं दी, ऐसे सभी किसानों को शासन संपूर्ण भुगतान कर न्याय दें, ऐसा अनुरोध किया है। पूर्व विधायक अग्रवाल ने किसानों के भुगतान के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के प्रति आभार व्यक्त किया है।

  

Tags:    

Similar News