Breaking News: आज की बड़ी खबरें 12 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.
Live Updates
- 12 April 2025 11:00 AM IST
कई शहरों में बदल गए ईंधन के रेट
अलग- अलग राज्यों में भिन्न टैक्स सहित लोकल बॉडी टैक्स के चलते ईंधन की कीमतों में मामूली बदलाव देखने को मिलता है। आज आंध्र प्रदेश के कई शहरों में में पेट्रोल और डीजल 19-19 पैसे बढ़कर क्रमश: 109.83 रुपए और 97.66 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं असम में पेट्रोल 09 पैसे बढ़कर 98.28 रुपए और डीजल 08 पैसे कम होकर 89.50 रुपए प्रति लीटर हो गया है। जबकि, अरुणाचल प्रदेश में पेट्रोल 28 पैसे कम होकर 90.67 रुपए और डीजल 26 पैसे सस्ता होकर 80.21 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
- 12 April 2025 10:50 AM IST
सैफ अली खान पर चाकू हमला मामले में चार्जशीट दायर
सैफ अली खान हमला मामले में मुंबई की बांद्रा पुलिस ने बांद्रा कोर्ट में 1613 से ज्यादा पन्नों की चार्जशीट दायर की है। पुलिस की चार्जशीट में कई अहम खुलासे किए गए हैं। इस चार्जशीट में सैफ की पत्नी करीना कपूर का भी बयान है।
- 12 April 2025 10:30 AM IST
जम्मू में एलओसी पर मुठभेड़ में सेना के JCO शहीद
जम्मू में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना के एक जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ) शहीद हो गए। काफी देर तक जारी रही भीषण गोलीबारी, जिसके बाद आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी गई है।
- 12 April 2025 10:15 AM IST
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने दी हनुमान जन्मोत्सव की शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि आज काशी में बाबा विश्वनाथ की नगरी में हनुमान जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। ये 25वां साल है, हम 25 से लगातार ये कार्यक्रम कर रहे हैं। हम सब देशवासियों, प्रदेश वासियों और काशी वासियों के लिए मंगल कामना करते हैं।
- 12 April 2025 10:09 AM IST
पंजाब पुलिस का 'ऑपरेशन सतर्क', रातभर चला सघन चेकिंग अभियान
पंजाब पुलिस ने राज्यभर में अपराधों पर अंकुश लगाने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत रातभर विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान रात 9 बजे से सुबह 4 बजे तक पूरे पंजाब में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग की गई। मोगा जिले में भी इस ऑपरेशन को भारी पुलिस बल के साथ प्रभावी ढंग से लागू किया गया। डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) अश्वनी कपूर और सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) अजय गांधी ने स्वयं नाकों का दौरा कर अभियान की निगरानी की। इस दौरान सभी आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की बारीकी से जांच की गई।
- 12 April 2025 10:01 AM IST
भगवान जगन्नाथ की पवित्र भूमि पर 'सही जाता उत्सव' का आयोजन गर्व की बात केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा के संस्कृति मंत्री सूर्य बंशी सूर्या के साथ शुक्रवार रात पुरी के गली-मोहल्लों का दौरा किया। पारंपरिक 'सही जाता उत्सव' का हिस्सा बने और बताया कि क्यों यह उनके लिए गर्व की बात है! मीडिया से बातचीत में धर्मेंद्र प्रधान ने इस सदियों पुरानी परंपरा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की पवित्र भूमि पर इस तरह का सांस्कृतिक आयोजन गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि 'सही जाता उत्सव' में भगवान राम के अलग-अलग अवतारों की कहानियां नाटकों के जरिए जीवंत होती हैं।
- 12 April 2025 9:59 AM IST
तमिलनाडु थिरुथुराईपोंडी के पास भारी बारिश के कारण ढही दीवार, 1 की मौत
तमिलनाडु के तिरुवरुर जिले के थिरुथुराईपूंडी में भारी बारिश के कारण हुए एक हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई। तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश से एक फूस का घर ढह गया, जिसके मलबे में दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
- 12 April 2025 9:52 AM IST
पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने कहा- देशवासियों को हनुमान जयंती की ढेरों शुभकामनाएं। संकटमोचन की कृपा से आप सभी का जीवन सदैव स्वस्थ, सुखी और संपन्न रहे, यही कामना है। पीएम मोदी ही नहीं बल्कि कई नेताओं ने इस पावन पर्व की बधाई दी है।
- 12 April 2025 9:31 AM IST
पीयूष गोयल ने दी देशवासियों को बधाई
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "प्रभु श्री राम में अपनी अटूट आस्था रखने और सबों के दुःखों को हरने वाले संकटमोचन श्री हनुमान जी के जन्मोत्सव के अवसर पर सभी देशवासियों को जय श्री राम। अंजनी पुत्र महाबली हनुमान जी की कृपा से सभी का जीवन मंगल हो, कार्य सफल हों, शरीर स्वस्थ हो और चारों ओर आनंद ही आनंद हो, यही कामना करता हूं।"
- 12 April 2025 9:19 AM IST
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी हनुमान जयंती की बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "श्री हनुमान जयंती की सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को मंगलमय शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम के परम भक्त, संकटमोचन श्री हनुमान जी की कृपा सभी पर बनी रहे। बल, बुद्धि, विद्या के दाता भगवान महाबीर की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता का वास हो, यही प्रार्थना है। ॐ हनुमते नमः।"
Created On :   12 April 2025 8:00 AM IST