तीन मौतें: नदी में डूबने और जहर से तीन लोगों ने गंवाई जान, पांढुर्ना, चांद और मोहखेड़ थाना क्षेत्र की घटनाएं

नदी में डूबने और जहर से तीन लोगों ने गंवाई जान, पांढुर्ना, चांद और मोहखेड़ थाना क्षेत्र की घटनाएं
  • किसान की नदी में डूबने से मौत हो गई
  • एक शख्स ने जहर का सेवन कर लिया
  • एक युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ा

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा/पांढुर्ना। पांढुर्ना की नांदनवाड़ी चौकी के ग्राम कौड़िया में किसान की नदी में डूबने से मौत हो गई। दूसरी घटना मोहखेड़ के लोनिया की है। यहां एक शख्स ने जहर का सेवन कर लिया था। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। तीसरी घटना चांद थाना क्षेत्र की है। यहां एक युवती को चांद अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर किया गया था। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान रविवार को युवती ने दम तोड़ दिया। तीनों प्रकरणों में पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।

नदी में डूबने से किसान की मौत

पांढुर्ना के नांदनवाड़ी पुलिस चौकी के ग्राम कौड़िया में किसान की नदी में डूबने से मौत हो गई। चौकी प्रभारी आशीष भिमटे ने बताया कि नदी में मृत अवस्था में मिले मृतक की पहचान कौड़िया निवासी जतन मंतु उईके (55) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक नदी के समीप ही खेत है। जतन अक्सर नदी में नहाने जाता था। संभवत: पानी का स्तर अधिक होने से वह नदी के तेज बहाव में आने से डूब गया। जिससे उसकी मौत हुई। पुलिस ने मामले की जांच कर रही है।

जहर के सेवन से अधेड़ की मौत

मोहखेड़ के ग्राम लोनिया के एक अधेड़ ने जहर का सेवन कर लिया था। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान शनिवार रात अधेड़ की मौत हो गई। अस्पताल चौकी पुलिस ने बताया कि लोनिया निवासी 50 वर्षीय बुधमान पिता उदय सिंह ब्रम्हवंशी ने 6 सितम्बर को जहर का सेवन कर लिया था। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। यहां इलाज के दौरान 7 सितम्बर की रात लगभग 10:30 बजे बुधमान की मौत हो गई। पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।

इलाज के दौरान युवती की मौत

चांद थाना क्षेत्र की 18 वर्षीय एक युवती शनिवार रात को उल्टियां कर रही थी। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल लाकर भर्ती कराया था। यहां युवती ने दम तोड़ दिया। देहात पुलिस ने बताया कि युवती को पहले चांद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया था। परिजनों ने युवती को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां युवती ने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Created On :   9 Sept 2024 5:54 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story