- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- जमीं रो उठी, हमारा मसीह क्रूस उठा...
Jabalpur News: जमीं रो उठी, हमारा मसीह क्रूस उठा के चला

Jabalpur News । जमीं रो उठी आसमां रो उठा, हमारा मसीह क्रूस उठा के चला, येरुशलेम की गली-गली में, हुजूम सा है .... जिसने सलीब उठाया, अपना लहू बहाया... रोता है सारा जहां, प्यारे मसीहा कहां, इस तरह के दु:ख भरे गीत गाते हुए नगर के मुख्य मार्गों पर मसीही समुदाय का विशाल हुजूम उमड़ पड़ा। गुड फ्राइडे पर चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं, जहां श्रद्धालु बड़ी संख्या में एकत्र हुए।
गुड फ्राइडे के पावन अवसर पर विभिन्न चर्चों में प्रभु यीशु मसीह द्वारा क्रूस पर कहे गए अंतिम सात वाक्यों का स्मरण किया गया। शहर के सिटी मेथोडिस्ट चर्च, भर्तीपुर, हवाबाग मेथोडिस्ट चर्च, इंग्लिश मेथोडिस्ट चर्च डिसिप्लिन्स चर्च ऑफ क्राइस्ट, क्राइस्ट चर्च कैथेड्रल, सेंट पॉल्स चर्च, असेंबली ऑफ गॉड चर्च, ग्लोरी टू जीसस चर्च, फुल गॉस्पेल चर्च में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं। इन चर्चों में प्रभु यीशु के वे वाक्य स्मरण किए गए, जो उन्होंने पीड़ा के क्षणों में मानवता के लिए कहे थे। श्रद्धालुओं ने मोमबत्तियां जलाकर प्रार्थनाएं कीं और प्रभु के बलिदान को याद किया।
आंखों से बहने लगे आंसू
बालक यीशू के तीर्थस्थल, होली ट्रिनिटी चर्च द्वारा प्रभु यीशू के दु:खभोग एवं क्रूस की दु:खमयी यात्रा का सजीव मंचन किया गया। क्रूस यात्रा प्रात: 7.30 बजे चर्च प्रांगण से प्रारंभ हुई। यीशू भारी भरकम क्रूस को उठाकर लड़खड़ाते कदमों से आगे बढ़ते हैं। इस भयानक, पीड़ादायक यात्रा में बढ़ते प्रभु यीशू अपने गुनहगारों को यह कह कर क्षमा करते हैं .. हे पिता! इन्हें क्षमा कर क्योंकि यह नहीं जानते कि ये क्या कर रहे हैं। इस तरह का मंचन देख जनसमूह अपने आंसुओं को रोक न सका। जबलपुर धर्मप्रांत के पूर्व धर्माध्यक्ष परम श्रद्धेय जेराल्ड अलमेडा के मार्गदर्शन में पल्ली पुरोहित फादर जॉन वॉल्टर खालको, फादर सोमी जैकब, फादर स्टेनलिन, फादर आरोक्य राजा, फादर डेविस वज़पल्ली, फादर नीतीश जॉनी सहित अन्य यात्रा में शामिल हुए। यात्रा में बर्नार्ड जॉर्ज, थॉमस जोसफ, स्टीफन, प्रवीण स्टेनली, प्रभा फ्रांसिस, मोनिका, रोजर डेविस, सेड्रिक फ्रांसिस, देवदास नायडू आदि का सहयोग रहा।
Created On :   19 April 2025 12:03 AM IST