हादसा: भोपाल से हैदराबाद जा रही बस पलटी, तीन मौत, 42 घायल

भोपाल से हैदराबाद जा रही बस पलटी, तीन मौत, 42 घायल
  • 110 किमी की रफ्तार में थी बस
  • पांढुरना में मोही घाट पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई
  • अधिकतर यात्री भोपाल एवं आसपास क्षेत्र के बताएं जा रहे है

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। गुरुवार रात करीब 9.30 बजे भोपाल से हैदराबाद जा रही वर्मा ट्रेवल्स की बस पांढुरना में मोही घाट पर पलट गई। हादसे में बस के नीचे दबने से तीन यात्रियों की मौत हो गई। वहीं 42 यात्री घायल हो गए। जिसमें 5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकतर यात्री भोपाल एवं आसपास क्षेत्र के बताएं जा रहे है।

मिली जानकारी के अनुसार वर्मा ट्रेवल्स की बस भोपाल से हैदराबाद जा रही थी। पांढुरना में मोही घाट पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटते ही चीख पुकार मच गई। हादसे में बस के नीचे दबने से 3 लोगों की मौत गई। अन्य सवार 42 यात्रियों को गंभीर चोटें आई है। जिन्हें पांढुरना अस्पताल में भर्ती कराया गया। टी आई अजय मरकाम ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। 42 लोग घायल हुए है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जाएगी।

110 किमी की रफ्तार में थी बस

बस में सवार अभिजीत कडू, सोहम कडू ने बताया कि बारिश लगातार जारी थी। बस की स्पीड ११० किमी प्रति घंटे की थी। सूचना पर पांढुर्ना से लगभग ४ एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां से घायलों को पांढुर्ना सिविल अस्पताल लाया।

डॉ. मिलिंद गजभिये और डॉ. विनित श्रीवास्तव ने बताया कि जिन घायलों को सिविल अस्पताल लाया गया था, उनमें से दो लोगों की मौत हो गई है अन्य का इलाज जारी है। एक अन्य घायल के बस के नीचे दबे होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि उसकी भी मौत हो चुकी है। लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

Created On :   23 Aug 2024 3:39 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story