केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: मणिपुर में लगा राष्ट्रपति शासन, कुछ दिनों पहले बीरेन सिंह ने CM पद से दिया था इस्तीफा

मणिपुर में लगा राष्ट्रपति शासन, कुछ दिनों पहले बीरेन सिंह ने CM पद से दिया था इस्तीफा
  • केंद्र सरकार का बड़ा फैसला
  • मणिपुर में लगा राष्ट्रपति शासन
  • 9 फरवरी को CM पद से बीरेन सिंह ने दिया था इस्तीफा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने हिंसा प्रभावित मणिपुर में गुरुवार से राष्ट्रपति शासन लगा दिया है। बता दें, कुछ दिनों पहले मणिपुर में सीएम पद से बीरेन सिंह ने इस्तीफा सौंपा था। इसके बाद गुरुवार शाम को केंद्र सरकार ने मणिपुर को लेकर बड़ा फैसला लिया है। दरअसल, राज्य में करीब दो सालों से मैतेई और कुकी समुदाय में चल रही हिंसा की वजह से कानून-व्यवस्था डगमगा गई है। इसके बाद बीते रविवार को बीरेन सिंह ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से मुलाकात करने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद भाजपा के अंदरखाने मणिपुर के नए मुख्यमंत्री के नाम पर चर्चा शुरू हो गई है। इस संबंध में मणिपुर प्रभारी संबित पात्रा बीजेपी के दिग्गज नेताओं के साथ मीटिंग कर रहे थे।

कैशम मेघचंद्र ने आदेश को बताया था अंसवैधानिक

मणिपुर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कैशम मेघचंद्र ने राज्यपाल अजय कुमार भल्ला के उस आदेश को असंवैधानिक बताया जिसमें राज्यपाल ने 12वीं मणिपुर विधानसभा के सातवें सत्र को रद्द करने का आदेश दिया था। कांग्रेस नेता का कहना है कि राज्यपाल अजय कुमार भल्ला का आदेश अवैध और असंवैधानिक है।

आपको बता दें मणिपुर सीएम एन बीरेन सिंह ने दो दिन पहले 9 फरवरी को सीएम पद से इस्तीफा दे दिया था। राज्यपाल ने सीएम के इस्तीफे देने के बाद एक आदेश जारी कर विधानसभा सत्र बुलाने के अपने पिछले निर्देश को अमान्य घोषित कर दिया था।

कांग्रेस अध्यक्ष ने एक्स पर किया था ट्वीट

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मेघचंद्र ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा है कि मणिपुर के माननीय राज्यपाल द्वारा 9 फरवरी 2025 को जारी किया गया आदेश, जिसके द्वारा 24 जनवरी 2025 के आदेश को ‘अमान्य’ घोषित किया गया है, अवैध और असंवैधानिक है। उन्होंने कहा मणिपुर विधानसभा की संवैधानिक रूप से अनिवार्य बैठक का आज आखिरी दिन होने के बावजूद विधानसभा सत्र बुलाने का कोई प्रस्ताव नहीं आया है।

सरकारी समाचार एजेंसी पीटीआई भाषा ने इसे लेकर लिखा है कि कांग्रेस नेता मेघचंद्र ने कहा मणिपुर में कुछ घंटों बाद संवैधानिक संकट का सामना करना पड़ेगा। आशा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाना चाहेंगे। कांग्रेस नेता ने कहा हम राष्ट्रपति शासन के कदम के खिलाफ खड़े होंगे।

Created On :   13 Feb 2025 7:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story