Breaking News: आज की बड़ी खबरें 22 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव

आज की बड़ी खबरें 22 अप्रैल 2025 हिंदी न्यूज लाइव
22 अप्रैल2025 दैनिक भास्कर में आज की ताजा बड़ी खबरें, दुनिया, देश, राजनीति, खेल, मनोरंजन, व्यापार, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, जुर्म, जीवन शैली एवं राशिफल की हिंदी न्यूज़ पढ़ें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश दुनिया में आज क्या घटा खास। जानिए दिनभर की तमाम बड़ी खबरें.

Live Updates

  • 22 April 2025 11:35 AM IST

    नोएडा महिला सुरक्षा को लेकर चलाया गया एक विशेष जागरूकता अभियान

     पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा आज महिला सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में और डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान महिला सुरक्षा टीम ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के गांवों, सोसायटियों, लेबर कॉलोनियों और बाजारों में जाकर महिलाओं और बच्चियों से संवाद किया।

  • 22 April 2025 11:30 AM IST

    एक्टर विष्णु विशाल के घर गूंजी किलकारी, पत्नी ज्वाला गुट्टा ने बेटी को दिया जन्म

     साउथ के मशहूर एक्टर और निर्माता विष्णु विशाल के घर किलकारी गूंजी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया 'एक्स' अकाउंट के जरिए बताया कि उनकी पत्नी ज्वाला गुट्टा ने बेटी को जन्म दिया है। 'एक्स' पोस्ट में विष्णु विशाल ने अपनी पत्नी और बेबी गर्ल के हाथों में हाथ डाले हुए एक तस्वीर पोस्ट की। इसके अलावा उन्होंने एक और तस्वीर शेयर की, जिसमें उनका बेटा बेबी गर्ल की ओर एक बड़ी मुस्कुराहट के साथ देख रहा है।

  • 22 April 2025 11:25 AM IST

    पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस ने अमेरिका से जुड़े अवैध हथियार तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया, पांच पिस्तौल बरामद

    काउंटर इंटेलिजेंस (अमृतसर) ने मंगलवार को एक विशिष्ट सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अमेरिका से जुड़े एक अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर लुधियाना से गुरविंदर सिंह उर्फ गुरी को गिरफ्तार किया है। गुरविंदर सिंह के कब्जे से 5 अवैध पिस्तौल बरामद की गई हैं।

  • 22 April 2025 11:15 AM IST

    मिशन मोड पर नागपुर के विधानभवन का आधुनिकीकरण होगा

    जनसंख्या बढ़ने के कारण विधायकों की संख्या भी बढ़ेगी। विधानमंडल का कामकाज बढ़ेगा। लिहाजा उपराजधानी में विधान भवन का विस्तार व आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसकी तैयारी मिशन मोड पर की जाएगी। विस्तारित कार्य के लिए सार्वजनिक निर्माण कार्य विभाग को कंपोजिट प्लान अर्थात समग्र योजना बनाने का निर्देश दिया गया है। विधायक निवास की प्रस्तावित बहुमंजिला इमारत के संबंध में सुधारित प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। विधायक निवास व रविभवन के व्यावसायिक इस्तेमाल का भी विचार किया जा रहा है। विधानपरिषद के सभापति राम शिंदे ने जानकारी दी।

  • 22 April 2025 11:05 AM IST

    तरनतारन पुलिस की बड़ी कार्रवाई ड्रग और हथियार तस्करों के गिरोह का भंडाफोड़

    पंजाब के तरनतारन में पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास ड्रग और हथियार तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ड्रोन के जरिए सीमा पार से तस्करी करने वाले गिरोह के चार प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने 7 किलो अफीम, तीन अवैध अत्याधुनिक हथियार, कई जिंदा कारतूस, एक लाख रुपये की ड्रग मनी और दो मोटरसाइकिल जब्त की।

  • 22 April 2025 11:00 AM IST

    कर्नाटक के पूर्व डीजीपी ओम प्रकाश की पत्नी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

    कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओम प्रकाश की हत्या मामले में उनकी पत्नी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। डीजीपी की पत्नी पल्लवी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। वहीं, उनकी बेटी को मानसिक स्वास्थ्य मूल्यांकन के लिए निमहंस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

  • 22 April 2025 10:55 AM IST

    बांसुरी स्वराज पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत का पलटवार

    भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज के बयान पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि बांसुरी स्वराज पहले ये बताएं की लूट कहां हुई है? गांधी शब्द से न केवल अंग्रेज डरते थे बल्कि अब भाजपा भी डरी हुई है। जो मामला पहले ही बंद हो चुका है, पहले ही इस पर सभी बातें सामने आ चुकी है, कोई मनी ट्रांजेक्शन नहीं हुआ है तो इस प्रकार के आरोप क्यों? मैं समझता हूं कि ये इनका(भाजपा) मुद्दों से भटकाने के लिए एक कुत्सित प्रयास है और कहीं न कहीं वे कांग्रेस के साथ-साथ गांधी परिवार को बदनाम करना चाहते हैं। 

  • 22 April 2025 10:48 AM IST

    बीजेपी सांसद बांसुरी स्वाराज ने गांधी परिवार को घेरा

    भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी मीडिया को लेकर भी भ्रष्टाचार हुआ। हाल ही में ED ने जो चार्जशीट दायर की गई है वह बहुत ही गंभीर उदाहरण जाहिर करती है जहां पर कांग्रेस की एक पुरानी विचारधारा उभरकर सामने आती है। यह बहुत गंभीर मामला है। 2000 करोड़ रुपये की संपत्ति को मात्र 50 लाख रुपये में यंग इंडिया लिमिटेड कंपनी ने हड़प लिया। यह यंग इंडिया लिमिटेड कंपनी का स्वामित्व 76% गांधी परिवार के पास है और इसलिए आज के दिन कांग्रेस पार्टी की और कांग्रेस की शीर्ष नेतृत्व की जवाबदेही बनती है।

  • 22 April 2025 10:30 AM IST

    मुंबई में महिला की गला काटकर हत्या, तलाशी में जुटी पुलिस

    मुंबई के विक्रोली इलाके में एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई है। विक्रोली पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मुंबई पुलिस के अनुसार, मृतक महिला की पहचान सुमन (36) के रूप में हुई है। वह अपने पति के साथ विक्रोली ईस्ट इलाके में रहती थी। हत्या का खुलासा तब हुआ जब महिला का पति रात की ड्यूटी करने के बाद मंगलवार तड़के लगभग 5:30 बजे घर लौटा। उसने घर में अपनी पत्नी को खून से लथपथ पड़ा पाया।

  • 22 April 2025 10:19 AM IST

    दिल्ली में गर्मी का सितम

    देश की राजधानी दिल्ली में गर्मी ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। तेज हवाओं और बारिश के बाद अब लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं। उन्होंने 11 बजे के बाद घर से निकलना किसी जुल्म से कम नहीं लग रहा है। राज्य का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में दिल्ली में तापमान और बढ़ेगा। ऐसे में लू लगने का भी खतरा है। इसलिए अपने आप को और परिवार का खास ध्यान रखें। दिल्ली में आज (22 अप्रैल) का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाएगा।

Created On :   22 April 2025 8:00 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story