CM फेस पर चर्चा जारी!: कौन बनेगा दिल्ली का मुख्यमंत्री? केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा कहा- 'विधायक दल की बैठक और संसदीय बोर्ड करेगा फैसला'
![कौन बनेगा दिल्ली का मुख्यमंत्री? केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा कहा- विधायक दल की बैठक और संसदीय बोर्ड करेगा फैसला कौन बनेगा दिल्ली का मुख्यमंत्री? केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा कहा- विधायक दल की बैठक और संसदीय बोर्ड करेगा फैसला](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/10/1402269-.webp)
- बीजेपी ने हासिल की है दिल्ली में जीत
- विपक्ष का कमान संभालेंगे केजरीवाल
- सीएम फेस को लेकर बीजेपी में चर्चा जारी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद बीजेपी में सीएम फेस को लेकर चर्चा शुरू हो गई। राज्य में बीजेपी की ओर से कई नेता रेस में है। इस बीच केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा- दिल्ली का मुख्यमंत्री विधायक दल की बैठक और संसदीय बोर्ड के फैसले से तय होगा, वह कोई भी हो सकता है, वह भाजपा का कार्यकर्ता होगा। अरविंद केजरीवाल जो चाहें कर सकते हैं, दिल्ली की जनता ने उन्हें अपना जनादेश दे दिया है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में कुछ नहीं किया, इसीलिए जनता ने उन्हें बदल दिया, पंजाब में भी यही स्थिति है। वे पंजाब में भी कुछ नहीं कर रहे हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत के बाद मुख्यमंत्री को लेकर चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में इस समय एक ही सवाल है कि देश की राजधानी का मुख्यमंत्री कौन होगा? चर्चा है कि बीजेपी की ओर से नई दिल्ली सीट से केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा को भी सीएम पद सौंपा जा सकता है। वहीं, सीएम पद की रेस में वीरेंद्र सचदेवा, मनोज तिवारी भी शामिल हैं। इसके अलावा बीजेपी किसी भी महिला को भी सीएम पद सौप सकती है।
दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद अब सीएम फेस को लेकर अटकलों बाजार गरम हो गया है। सूबे के सियासी गलियारों में एक ही सवाल घूम रहा है कि भाजपा से सीएम की कुर्सी पर किसकी ताजपोशी होगी। इस बीच दिल्ली की सीएम आतिशी ने भी राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा से सीएम की रेस में कई नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। इसके अलावा भाजपा आलाकमान महिला सीएम का भी दांव खेल सकती है। आइए जानते हैं दिल्ली में सीएम की रेस में किन-किन दावेदारों का नाम आगे चल रहा है।
प्रवेश वर्मा
दिल्ली में सीएम बनने की रेस में नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को पटखनी देने वाले भाजपा नेता प्रवेश वर्मा का नाम आगे हैं। वह दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। इससे पहले वह पश्चिमी दिल्ली से दो बार के सांसद भी रह चुके हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने 5.78 लाख वोटों के साथ जीत दर्ज की थी। यह दिल्ली की सबसे बड़ी जीत थी। इस बार उन्होंने दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को 4099 वोटों के साथ चित किया है।
राजनीतिक करियार की बात करें तो प्रवेश वर्मा बचपन के दिनों से संघ में सक्रिय थे। इसके बाद उन्होंने कई चुनाव लड़े और सभी में विजय रहे। हालांकि, पिछले साल का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा। सूत्रों की मानें तो भाजपा आलाकमान ने उन्हें लोकसभा चुनाव की बजाए विधानसभा चुनाव में उतारा था। माना जा रहा है कि दिल्ली में मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा हरियाणा वाला फॉर्मूला अपना सकती है। दरअसल, पिछले साल विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा ने हरियाणा में जाट सीएम बनाकर नॉन-जाट मुख्यमंत्री वाली चीज को दूर किया था। लिहाजा, दिल्ली में भी भाजपा जाट नेता को मुख्यमंत्री बनाकर किसान आंदोलन को दबाने का दांव आजमा सकती है।
मनोज तिवारी
दिल्ली की उत्तर-पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी लगातार तीसरी बार लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज कर चुके हैं। बता दें, लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने दिल्ली के 7 में से 6 सांसदों के टिकट काट दिए थे। लेकिन, मनोज तिवारी को पार्टी ने फिर से मौका दिया था। वह 2016 से 2020 तक दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा दिल्ली में पूर्वांचल वोटर्स के बीच मनोज तिवारी का काफी अच्छा दबदबा है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद अब नजरें बिहार विधानसभा चुनाव पर टिक गई हैं। इस साल के अंत से पहले बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं। यदि देखा जाए तो भाजपा मनोज तिवारी को दिल्ली के सीएम पद के लिए चुन सकती है।
मनजिंदर सिंह सिरसा
दिल्ली सीएम की रेस में अगला नाम मनजिंदर सिंह सिरसा का है। साल 2013 और 2017 में वह शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर चुके हैं। इसके अलावा वह तीसरी बार राजौरी गार्डन से विधायक रह चुके हैं। इसके बाद उन्होंने शिरोमणि अकाली छोड़कर भापजा का दामन थाम लिया था। अगस्त 2023 में वह भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। मनजिंदर सिंह सिरसा दिल्ली में सिख समुदाय के बड़े नेता हैं। यदि वह दिल्ली के सीएम पद पर बैठते हैं, तो भाजपा पंजाब में अपनी मजबूत पकड़ बना सकती है।
स्मृति ईरानी
दिल्ली सीएम पद के लिए भाजपा महिला कार्ड भी खेल सकती है। इसके लिए पार्टी पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की दिग्गज नेता स्मृति ईरानी को चुन सकती है। वह 2014 में लोकसभा चुनाव हारने के बाद मंत्री बनी थी। इसके बाद 2019 में उन्होंने राहुल गांधी को हराया था। वह बड़ा महिला चेहरा हैं। फिलहाल, भाजपा से इस समय कोई महिला मुख्यमंत्री नहीं है। लिहाजा भाजपा स्मृति को सीएम बनाकर भाजपा महिलाओं को संदेश दे सकती है।
विजेंद्र गुप्ता
दिल्ली की रोहिणी सीट से विजेंद्र गुप्ता ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। इससे पहले वह दो बार दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रह चुकी हैं। इसके अलावा 2015 में वह दिल्ली सीट से 3 बार के विधायक भी रह चुके हैं। विधानसभा में केवल 3 विधायक थे, तो उनमें से एक विजेंद्र गुप्ता थे। वो दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा उनकी संघ और संगठन में मजबूत पकड़ है।
मोहन सिंह बिष्ट
मोहन सिंह बिष्ट ने 1998 से 2015 तक लगातार 4 बार विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। हालांकि 2015 में उन्हें कपिल मिश्रा से हार का सामना करना पड़ा था। वो 2020 में फिर से विधायक चुने गए। बीजेपी ने 2025 में उनकी सीट बदलकर मुस्लिम बहुल मुस्तफाबाद से लड़ाया। यहां से भी उन्होंने जीत हासिल की। मोहन बिष्ट की संघ और संगठन में पकड़ अच्छी है। उनका पहाड़ी क्षेत्रों में अच्छा प्रभाव हैं।
Created On :   11 Feb 2025 12:22 AM IST