Wakf Amendment Bill: आम मुसलमानों के लिए होगा फायदेमंद...काम में आएगी पारदर्शिता, वक्फ संशोधन बिल पर बोले CM फडणवीस, कांग्रेस पर साधा निशाना

आम मुसलमानों के लिए होगा फायदेमंद...काम में आएगी पारदर्शिता, वक्फ संशोधन बिल पर बोले CM फडणवीस, कांग्रेस पर साधा निशाना
  • राज्यसभा और लोकसभा से पास हुआ वक्फ संसोधन विधेयक
  • देवेंद्र फडणवीस ने बिल को मुसलमानों के लिए बताया फायदेमंद
  • बिल के खिलाफ देश भर में हो रहे प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लोकसभा के बाद गुरुवार को राज्यसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पास हो गया। इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वक्फ संशोधन विधेयक को ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि इससे वक्फ के कामकाज में पारदर्शिता आएगी और आम मुसलमानों को फायदा होगा।

हड़पी गईं जबरन जमीनें

देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वफ्फ संशोधन विधेयक 'धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गणराज्य' की संविधान की भावना को परिभाषित करने वाला है। अब तक जो वफ्फ का कानून था, वह केवल तुष्टिकरण की नीति के लिए बनाया गया था। उस कानून से न तो अल्पसंख्यक समुदाय को फायदा हुआ और न ही चैरिटी का कोई काम हुआ। उल्टा, वफ्फ कानून का इस्तेमाल करते हुए जबरन जमीनें हड़पी गईं।

उन्होंने कहा कि जब महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब राज्य में सबसे बड़ा वफ्फ जमीन घोटाला हुआ था। हमने इसे लेकर जांच भी की थी। अब जब नया कानून बना है, तो इसमें पारदर्शिता आएगी। इस संशोधित कानून से आम मुसलमान को फायदा पहुंचेगा।

बता दें कि 12 घंटे की चर्चा के बाद वक्फ संशोधन बिल राज्यसभा में पास हुआ था। कुल 223 वोटों में से बिल के पक्ष में 128 जबकि विपक्ष में 95 वोट पड़े।

वक्फ पर देशभर में प्रदर्शन

बिल के संसद से पास होने के खिलाफ देश कई हिस्सों में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन हुआ। जुमे की नमाज के बाद पश्चिम बंगाल, गुजरात, बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, असम में मुस्लिमों ने सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं भी शामिल रहीं। वहीं इसके खिलाफ कांग्रेस और असदुद्दीन ओवैसी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की गईं। इनमें कहा गया कि ये बिल मुसलमानों के अधिकारों के साथ भेदभाव करता है। इसके साथ ही ये विधेयक संविधान में दिए गए समानता के अधिकार और आर्टिकल 25 व 26 के अंतर्गत धार्मिक एक्टिविटी के पालन और उनके मैनेजमेंट एवं आर्टिकल 29 में दिए गए अल्पसंख्यकों के अधिकारों की सुरक्षा का हनन करता है।

Created On :   5 April 2025 1:28 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story