महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में हेरफेर!: राहुल गांधी का बड़ा दावा, कांग्रेस के काटे गए वोट, भाजपा को मिली बढ़त, चुनाव आयोग से की एक्शन लेने की मांग

राहुल गांधी का बड़ा दावा, कांग्रेस के काटे गए वोट, भाजपा को मिली बढ़त, चुनाव आयोग से की एक्शन लेने की मांग
  • दिल्ली में महाविकास अघाड़ी की प्रेस कॉन्फ्रेंस
  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र चुनाव को लेकर उठाए सवाल
  • भाजपा पर ज्यादा वोट प्रतिशत मिलने का लगाया आरोप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में हमारा वोट कम नहीं हुआ है। जबकि, भाजपा का वोट अधिक बढ़ा है। राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि महाराष्ट्र में 5 साल में 32 लाख वोटर्स हैं। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव के बीच 39 लाख वोटर जोड़े गए। उन्होंने पूछा कि विधानसभा चुनाव से पहले इतने वोटर कहां से आए?

दिल्ली में गुरुवार को राहुल गांधी ने एनसीपी गुट के चीफ शरद पवार और बेटी सुप्रिया सुले समेत शिवसेना (यूबीटी) के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र की सरकार के मुताबिक, राज्य में 9.54 करोड़ वयस्क हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, महाराष्ट्र में 9.7 करोड़ वोटर हैं। इसका मतलब कि आयोग जनता से कह रहा है कि महाराष्ट्र में पॉपुलेशन से ज्यादा वोटर हैं। ये कैसे हो सकता है।"

राहुल गांधी ने लगाया बड़ा आरोप

इस दौरान राहुल गांधी ने महाराष्ट्र से कांग्रेस को लोकसभा और विधानसभा चुनाव में वोट मिलने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा में कांग्रेस को 1.36 लाख वोट मिले थे। जबकि विधानसभा में कांग्रेस को 1.34 लाख वोट हासिल हुए थे। जबकि, भाजपा का वोट 1.19 लाख से बढ़कर 1.75 लाख हो गया था। इसका मतलब यह कि नए वोटरों ने भाजपा को वोट दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि हमें दोनों चुनावों में वोटर लिस्ट का ब्यौरा चाहिए। बड़े पैमाने पर वोटरों के नाम काटे गए हैं जिनमें ज्यादातर दलित हैं। चुनाव आयोग सवालों के जवाब नहीं देता। चुनावों में पारदर्शिता की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है।

इसके अलावा राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से महाराष्ट्र की वोटर लिस्ट की मांगी। उन्होंने पूछा कि चुनाव आयोग हमें लिस्ट क्यों नहीं दे रहा है। हमें वोटर लिस्ट की पूरी जानकारी चाहिए। इसके बाद चुनाव आयुक्त की नियुक्ति की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए राहुल ने कहा कि चुनाव आयुक्त की नियुक्ति करने वाली कमेटी से CJI को हटा दिया गया। लोकसभा चुनाव से पहले दो नए चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की गई।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी का दावा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में संजय राउत ने कहा कि चुनाव आयोग का जमीर अगर जिंदा है तो उन्हें राहुल गांधी के सवालों का जवाब देना चाहिए, लेकिन चुनाव आयोग गुलामी कर रहा है। अब ये 39 लाख वोटर बिहार जाएंगे। ये फ्लोटिंग वोटर्स हैं। पहले जाएंगे बिहार में फिर जाएंगे यूपी में। महाराष्ट्र में हमें हराया गया, मैं चुनाव आयोग से अपील करूंगा कि आप उठिए अपने उपर से कफन हटाइए और जवाब दीजिए।

इसके बाद एनसीपी (शरद गुट) की नेता सुप्रिया सुले ने कहा कि कुछ सीटों पर दोबारा वोटिंग कराने की मांग की गई है। उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि उन निर्वाचन क्षेत्रों में भी मतपत्र पर दोबारा चुनाव हों, जहां हमारे उम्मीदवार जीते हैं। 11 सीटें ऐसी हैं, जहां हम चुनाव चिह्न के बीच कंफ्यूजन की वजह से चुनाव हार गए। यहां तक ​​कि सत्ता में मौजूद पार्टी ने भी इसे स्वीकार कर लिया है। हमने 'तुतारी' से प्रतीक बदलने के लिए कई अनुरोध किए, लेकिन अनुरोध पर विचार नहीं किया गया। हम केवल चुनाव आयोग से निष्पक्ष होने की मांग करते हैं।"

Created On :   7 Feb 2025 3:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story