होली 2025: PM मोदी से लेकर CM योगी आदित्यनाथ तक, एक्स पर कई राजनीतिक हस्तियों ने देशावासियों को दी शुभकामनाएं

- देशभर में धूमधाम के साथ मनाई जा रही होली
- पीएम मोदी से लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी शुभकामनाएं
- सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट करके दी बधाई
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में आज यानी शुक्रवार को धूमधाम के साथ होली का पर्व मनाया जा रहा है। इस पर्व को मनाने के लिए पूरा देश रंगों के उत्सव में रंग गया है। इस अवसर पर राजनीति की कई दिग्गज हस्तियों ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने होली के पर्व पर लोगों को बधाई दी हैं।
पीएम मोदी ने देशवासियों को दी होली की शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने एक्स पर ट्वीट करके देशावासियों को होली की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन-पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।"
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देशवासियों को होली के पर्व की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, "रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह त्योहार भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर भारत माता की सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें।"
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने भी देशवासियों को होली के पर्व की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "होली के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। होली बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत के आगमन का प्रतीक है, जो नई शुरुआत और नए दृष्टिकोण का प्रतीक है। यह होली हमें अपने विचारों को करुणा से, अपने कार्यों को दयालुता से और अपने दृष्टिकोण को हमारे महान राष्ट्र के लिए आशा से रंगने की याद दिलाए।"
अमित शाह ने दी होली की शुभकामनाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देशवासियों को एक्स पर पोस्ट के जरिए होली की बधाई दी हैं। उन्होंने लिखा, "उमंग, उत्साह और रंगों के पर्व 'होली' की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. यह रंगोत्सव आप सभी के जीवन में उत्तरोत्तर समृद्धि, उन्नति और संपन्नता लेकर आए।"
इसके अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर होली की बधाई दी हैं। उन्होंने लिखा, "होली के पावन पर्व पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्ष, उल्लास और नवीन ऊर्जा का प्रतीक यह त्योहार आपके जीवन में प्रसन्नता और उत्तम स्वास्थ्य के रंग भरे, यही मंगलकामना है। आपकी होली आनंदमय और सुरक्षित हो!"
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी होली की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "समस्त देशवासियों को होली की हार्दिक बधाई व अनंत शुभकामनाएं देता हूं। मैं कामना करता हूं कि रंगोत्सव का यह पावन उत्सव आप सभी के जीवन में उमंग, आनंद और उल्लास का संचार करे। सभी सुख, समृद्धि व सौभाग्य से परिपूर्ण हों।"
सीएम योगी और प्रियंका गांधी ने दी बधाई
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई अन्य नेताओं ने भी होली की शुभकामनाएं दी। सीएम योगी ने कहा, "रंग, उमंग, उत्साह और तरंग के पावन पर्व होली की आप सभी को शुभकामनाएं! होली का पर्व एकता का संदेशवाहक है, जो हमें प्रेम और सौहार्द के साथ सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है. प्रभु श्री राम से कामना है कि यह पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि व नव उमंग के विविध रंगों से परिपूर्ण करें।"
प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स पर लिखा, "रंग, उमंग, उत्साह, उल्लास, बंधुत्व, बराबरी और मेलजोल के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। होली खेलते हुए हर किसी को प्यार से गले लगाइए। अपने परिवार, समाज और हर देशवासी के साथ खुशियां बांटिए। आप सबके लिए होली शुभ हो!"
Created On :   14 March 2025 11:25 AM IST