दिल्ली चुनाव 2025 नतीजा: 'जनता ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शार्ट सर्किट कर दिया...',दिल्ली में मिली जीत पर बोले पीएम मोदी
![जनता ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शार्ट सर्किट कर दिया...,दिल्ली में मिली जीत पर बोले पीएम मोदी जनता ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शार्ट सर्किट कर दिया...,दिल्ली में मिली जीत पर बोले पीएम मोदी](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/08/1401704-.webp)
- दिल्ली में बीजेपी मिली 48 सीटें
- आप को मिली 22 सीटें
- कांग्रेस को मिली 0 सीट
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक जीत पर दिल्ली की जनता का आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज दिल्ली में, दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और एक सुकून भी है। उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को AAP-दा से मुक्त कराने का है।
पीएम मोदी ने कहा कि मैंने हर दिल्ली वासी के नाम एक पत्र भेजा था और आप सबने हर परिवार में मेरा ये पत्र पहुंचाया था। मैंने दिल्ली से प्रार्थना की थी कि 21वीं सदी में भाजपा को सेवा का अवसर दीजिए, दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने के लिए भाजपा को मौका दीजिए। पीएम मोदी ने कहा कि मैं दिल्ली के हर परिवारजन को मोदी की गारंटी पर भरोसा करने के लिए सिर झुकाकर नमन करता हूं। मैं दिल्ली वासियों के आभार व्यक्त करता हूं।
AAP-दा को बाहर कर दिया- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आज की ये विजय ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने AAP-दा को बाहर कर दिया है। एक दशक की AAP-दा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है - आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई AAP-दा की हार हुई है। इस नतीजे ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत, उनके परिश्रम को चार चांद लगा दिए हैं। आप सभी कार्यकर्ता इस विजय के हकदार हैं। मैं भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को इस विजय की बहुत बहुत बधाई देता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। दिल्ली की जनता ने लोकसभा चुनाव में मुझे कभी निराश नहीं किया। तीनों चुनावों- 2014, 2019 और 2024- में दिल्ली की जनता ने हमें सभी सात सीटों पर शानदार जीत दिलाई। लेकिन आज दिल्ली ने हमारा वो आग्रह भी मान लिया। दिल्ली की युवा पीढ़ी, 21वीं सदी में पैदा हुए साथी अब पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेंगे। आज के नतीजे दिखाते हैं कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के लिए देश में कितना भरोसा है।
दिल्ली मिनी हिंदुस्तान है- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आज के नतीजों का एक और पक्ष भी है। हमारा दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं है, ये दिल्ली मिनी हिंदुस्तान है, ये लघु भारत है। दिल्ली एक भारत-श्रेष्ठ भारत के विचार को जीती है।लोकसभा चुनाव में जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया। फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया। अब दिल्ली में नया इतिहास रच गया है।तीन-तीन बार लोकसभा में शत-प्रतिशत विजय दिलाने के बाद भी देश भर के और दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं के मन में एक टीस थी। ये टीस दिल्ली की पूरी तरह से सेवा न कर पाने की थी।आज दिल्ली का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, ऐसा कोई वर्ग नहीं जहां कमल न खिला हो। हर भाषा बोलने वालों ने, हर राज्य के लोगों ने दिल्ली में भाजपा के कमल निशान पर वोट दिया है। मैं तो पूर्वांचल से सांसद हूं। पूर्वांचल से मेरा अपनेपन का रिश्ता है। पूर्वांचल के लोगों ने प्यार और विश्वास की नई ऊर्जा दे दी, नई ताकत दे दी। इसलिए मैं पूर्वांचल के लोगों का, पूर्वांचल के एक सांसद के नाते विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं।आज अयोध्या के मिल्कीपुर में भी भाजपा को शानदार जीत मिली है।
पीएम मोदी ने कहा कि हर वर्ग ने भारी संख्या में भाजपा के लिए मतदान किया है। आज देश तुष्टिकरण नहीं, बल्कि भाजपा के संतुष्टिकरण की पॉलिसी को चुन रहा है।दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की राजनीति, टकराव और प्रशासनिक अनिश्चितता ने दिल्ली के लोगों का बहुत नुकसान किया है। आज दिल्ली के विकास के सामने से एक बड़ी रुकावट आप सब दिल्ली वासियों ने दूर कर दी है। AAP-दा वालों ने मेट्रो का काम आगे बढ़ाने से रोका, इन AAP-दा वालों ने झुग्गी वालों को घर देने से रोका, इन AAP-दा वालों ने आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी दिल्ली के लोगों को नहीं मिलने दिया। पूरा देश जानता है कि जहां NDA है वहां सुशासन है, विकास है, विश्वास है। NDA का हर कैंडिडेट, हर जन प्रतिनिधि लोगों के हित में काम करता है।
आप पर हमला
पीएम मोदी ने कहा कि ये पूरी दुनिया में अपनी ही सोच का आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक निजाम लाना चाहती है। जब कांग्रेस में अर्बन नक्सलियों का DNA घुस गया है, तब ये कांग्रेस हर कदम पर बर्बाद हो रही है। इस चुनाव और इससे पहले के लोकसभा चुनाव, दोनों में ही दिल्ली की जनता ने एक स्पष्ट संदेश दिया है। लोकसभा में आपने 7 की 7 सीटों पर भाजपा को विजयश्री दिलाई और इस विधानसभा चुनाव में आपने 48 सीटों पर विजय दिलाई। ये नतीजे स्पष्ट संदेश देते हैं कि दिल्ली के दिल में मोदी बसते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए, कोई जगह नहीं है। जनता ने शॉर्टकट वाली राजनीति का शार्ट सर्किट कर दिया। आज के नतीजों का एक और पक्ष भी है कि हमारी दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं है, ये लघु-भारत है। दिल्ली, एक भारत - श्रेष्ठ भारत के विचार को जीती है। आज इसी विविधता वाली दिल्ली ने भाजपा को प्रचंड जनादेश का आशीर्वाद दिया है। दिल्ली का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, ऐसा कोई वर्ग नहीं, जहां कमल न खिला हो। हर भाषा बोलने वालों ने, हर राज्य के लोगों ने दिल्ली में भाजपा के कमल निशान पर वोट दिया है।
AAP-दा ने इस आस्था का अपमान किया- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि देश में NDA को जहां भी जनादेश मिला है, हमने उस राज्य को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। सुशासन का लाभ गरीब को भी होता है और मध्यम वर्ग को भी होता है। इस बार दिल्ली में गरीब, झुग्गी में रहने वाले मेरे भाई-बहन और मिडिल क्लास ने भाजपा को जबरदस्त समर्थन दिया है। हर वर्ग के बहुत सारे professionals हमारी पार्टी में काम कर रहे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण ये है कि हमारी पार्टी ने हमेशा मिडिल क्लास को अपनी प्राथमिकता पर रखा है।हम लोग हमारा सदा मंगल करने वाली यमुना देवी को नमस्कार करते हैं। लेकिन, उसी यमुना की इन लोगों ने कैसी दुर्दशा कर दी?
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली का तो अस्तित्व ही मां यमुना की गोद में पनपा है। दिल्ली के लोग यमुना की इस पीड़ा को देखकर कितना आहत होते रहे हैं! लेकिन, दिल्ली की AAP-दा ने इस आस्था का अपमान किया। दिल्ली की AAP-दा ने लोगों की भावनाओं को, आस्था को पैरों तले कुचल दिया था। अपनी नाकामी के लिए हरियाणा के लोगों पर इतना बड़ा आरोप लगा दिया था।मैंने चुनाव प्रचार के दौरान संकल्प लिया है कि हम यमुना जी को दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि मैं जानता हूं कि ये काम कठिन है और लंबे समय का है। समय कितना भी क्यों न जाए, शक्ति कितनी भी क्यों न लगे। लेकिन अगर संकल्प मजबूत हैं, तो यमुना जी के आशीर्वाद रहने वाले हैं। हम मां यमुना की सेवा के लिए हर प्रयास करेंगे, पूरे सेवाभाव से काम करेंगे।जिस पार्टी का जन्म ही भ्रष्टाचार के विरुद्ध हुए आंदोलन से हुआ हो, वही भ्रष्टाचार में लिप्त हो गई। ये देश की ऐसी पार्टी बनी जिसके मुख्यमंत्री, मंत्री भ्रष्टाचार के आरोप में जेल गए। जो खुद को ईमानदारी का सर्टिफिकेट देते थे और दूसरों को बेईमानी का मेडल देते थे, वो खुद भ्रष्टाचारी निकले। ये दिल्ली के भरोसे के साथ बहुत बड़ा धोखा था।
कांग्रेस पर हमला
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली चुनाव में कांग्रेस को निराशाजनक प्रदर्शन का सामना करना पड़ा है, उसने "शून्य की दोहरी हैट्रिक" हासिल की है। देश की राजधानी में लगातार छह बार देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी एक भी सीट हासिल करने में विफल रही है। यह मतदाताओं के बीच कांग्रेस के प्रति कम होते भरोसे को दर्शाता है। पहले मैंने उल्लेख किया था कि कांग्रेस एक परजीवी पार्टी की तरह काम करती है, जो अपने सहयोगियों को नीचे खींचती है। ऐसा लगता है कि यह एक-एक करके अपने गठबंधनों को व्यवस्थित रूप से कमजोर और खत्म कर रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछली बार मैंने कहा था कि कांग्रेस एक परजीवी पार्टी बन चुकी है। ये खुद तो डूबती है, अपने साथियों को भी डुबोती है। कांग्रेस, एक के बाद एक अपने सहयोगियों को खत्म कर रही है।आज कांग्रेस देशहित की नहीं, अर्बन नक्सलियों की राजनीति कर रही है। कांग्रेस के नेता जब कहते हैं कि वो भारत से लड़ रहे हैं, Indian state से लड़ रहे हैं... ये नक्सलियों की भाषा है। ये समाज में, देश में अराजकता लाने की भाषा है।यहां दिल्ली में तो AAP-दा भी उसी अर्बन नक्सली सोच को ही आगे बढ़ा रही थी। कांग्रेस की ये अर्बन नक्सली सोच राष्ट्र की उपलब्धियों पर अटैक करती है।
Created On :   8 Feb 2025 9:26 PM IST