केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को बताया वास्तव में "पप्पू", बोले- देश एक श्रेष्ठ भारत है

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी इन दिनों सुर्खियों में बने हुए हैं। वजह उनका ब्रिटेन का दौरा। दरअसल, राहुल गांधी कुछ दिनों के लिए विदेशी सर जमीं पर गए हुए हैं। जहां पर वो मोदी सरकार के खिलाफ खूब अपनी तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उन्हें इस दौरे पर अलग-अलग मंचों पर मोदी सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए देखा जा रहा है। जिसके बाद से ही वो सतारूढ़ पार्टी के निशाने पर हैं। राहुल गांधी पर केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने एक बार फिर जुबानी हमला किया है। उन्होंने राहुल पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि वो देश की एकता के लिए खतरा बन गए हैं। भारत को बांटने के लिए हर तरह का प्रयास कर रहे हैं। रिजिजू ने यहां तक कह दिया कि विदेशी लोग यह नहीं जानते कि वह वास्तव में पप्पु हैं।
रिजिजू का राहुल पर जोरदार हमला
बता दें कि, भाजपा के निशाने पर राहुल गांधी कई दिनों से हैं। उनके दिए गए बयान से बीजेपी नेता नाखुश नजर आ रहे हैं और उन पर आरोप लगा रहे हैं कि अगर उनको मोदी सरकार से दिक्कत है तो वो भारत में रह कर उसकी आलोचना करे, विदेशों में जिस तरह राहुल बोल रहे हैं वो देश का अपमान है। भारत के लोग इसे नहीं सह सकते हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने एक बार फिर से राहुल गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने ट्वीटर कर कहा, "भारत के लोग जानते हैं कि राहुल गांधी पप्पू हैं, लेकिन विदेशी यह नहीं जानते कि वह वास्तव में पप्पू हैं। उनके मूर्खतापूर्ण बयानों पर प्रतिक्रिया देना आवश्यक नहीं है, लेकिन समस्या यह है कि उनके भारत विरोधी बयानों का भारत विरोधी ताकतों द्वारा भारत की छवि को धूमिल करने के लिए दुरूपयोग किया जाता है।"
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) March 8, 2023
दरअसल, किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी के कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में दिए गए भाषण को ट्वीट करते हुए निशाना साधा है। सांसद राहुल ने पीएम मोदी पर भारत की वास्तुकला को नष्ट करने का आरोप लगाया है। जबकि रिजिजू ने पलटवार करते हुए कहा कि पीएम मोदी का एकमात्र मंत्र "एक भारत श्रेष्ठ भारत" है।
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) March 8, 2023
राहुल ने क्या कहा?
कैंब्रिज विश्वविद्यालय में गए राहुल गांधी से मोदी सरकार की नीतियों को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा था कि "मेरे विचार में नरेंद्र मोदी भारत की वास्तुकला को नष्ट कर रहे हैं। मुझे दो या तीन अच्छी नीतियों के बारे में परवाह नहीं है। वह मेरे देश को चकनाचूर कर रहे हैं। वह भारत पर एक विचार थोप रहे हैं, जिसे भारत आत्मसात नहीं कर सकता। भारत राज्यों का एक संघ है। यदि आप एक विचार को एक संघ पर थोपने की कोशिश करते हैं, तो वह इसकी प्रतिक्रिया देगा।"
बयान पर आमने-सामने
राहुल गांधी का ब्रिटेन दौरा काफी चर्चाओं में बना हुआ है। भाजपा और कांग्रेस राहुल के हर बयान पर आमने-सामने खड़ी नजर आ रही हैं। वहीं अपने नेता की हर बात को कांग्रेस के तमाम नेता सही ठहरा रहे हैं। जबकि भाजपा कांग्रेस पर देश विरोधी बयान देने का आरोप लगा रही है। ब्रिटेन दौरे पर ही राहुल गांधी ने आरएसएस की तुलना मुस्लिम ब्रदरहुड से की थी। जिसके बाद राहुल पर चौतरफा जुबानी हमला हुआ था।
Created On :   9 March 2023 11:08 AM IST