केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने किया राहुल गांधी पर पलटवार, बोलें- अमेरिका नहीं भारत है लोकतंत्र की जननी, देश को बदनाम करने में लगे हैं कुछ लोग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ब्रिटेन के दौरे पर हैं। कुछ दिन पहले वो एक युनिवर्सिटी में लेक्चरर के तौर पर पहुंते थे। जहां पर उन्होंने ऐसा बयान दे दिया जो काफी सुर्खियों में बना हुआ है। राहुल ने कार्यक्रम में कहा था कि उन पर पेगासस सॉफ्टवेयर से निगरानी रखी जा रही है, भारत में लोकतंत्र खत्म हो रहा है। अल्पसंख्यकों पर जुल्म किया जा रहा है। अब राहुल के इसी बयान पर केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया है। रिजिजू ने कहा कि राहुल भारत की छवि विदेशों में धूमिल कर रहे हैं। दुनिया में यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि भारत का न्यायपालिका और लोकतंत्र खतरे में है।
किरेन रिजिजू ने क्या कहा?
दरअसल, किरेन रिजिजू एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। जहां पर उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि भारत की न्यायपालिका पूरी तरह से स्वतंत्र है। भारत के न्यायपालिका को कभी भी विपक्षी दल की भूमिका निभाने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता है। कोई भी देश हमारे लोकतंत्र को लेकर सवाल नहीं उठा सकता क्योंकि लोकतंत्र हमारे खून में है।
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) March 4, 2023
राहुल पर जमकर बरसे रिजिजू
किरेन रिजिजू ने राहुल का बिना नाम लिए कहा कि समय-समय पर कुछ लोगों के द्वारा भारत को बदनाम करने की कोशिश की जाती है। दुनिया को संदेश देने की कोशिश हो रही है कि हमारा लोकतंत्र खतरे में है। रिजिजू ने आगे कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है, जो गुप्त तरीके से भारत को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है लेकिन उन्हें बता देना चाहता हूं कि वो कभी इस काम में सफल नहीं हो सकते। उन्होंने अमेरिकी लोकतंत्र का जिक्र करते हुए कहा कि भले ही अमेरिका सबसे पुराना लोकतंत्र क्यों ना हो लेकिन भारत ही लोकतंत्र की जननी है। किसी के बदनाम करने से भारत की छवि धूमिल तो नहीं होगी लेकिन इसे देख और सुनकर दुख होता है।
टुकड़े-टुकड़े गैंग पर क्या बोले?
केंद्रीय मंत्री ने टुकड़े-टुकड़े गैंग को भी आड़े हाथों लेते कहा कि टुकड़े-टुकड़े गैंग के सदस्यों को बेहतर ढंग से समझना चाहिए कि भारत किसके नेतृत्व में महान कायाकल्प की यात्रा पर निकल पड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ में देश सुरक्षित है। हम भारत के लोग उन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे।
राहुल ने क्या कहा था?
राहुल गांधी हाल ही में ब्रिटेन के कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। जहां पर उन्होंने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला था। राहुल ने अपने लेक्चर के दौरान कहा था कि, पेगासस सॉफ्टवेयर से सरकार विपक्षी नेताओं की जासूसी करवा रही है। भारत का लोकतंत्र खतरे में है। मोदी सरकार न्यायपालिका और मीडिया पर अपना कब्जा जमा चुकी है। बता दें कि, राहुल मीडिया को लेकर हमेशा से बयान देते रहे हैं, वो कहते हैं कि मीडिया में विपक्ष कभी दिखता ही नहीं है केवल टीवी पर मोदी जी ही दिखाई देते हैं।
Created On :   5 March 2023 3:34 PM IST