पहाड़ी पॉलिटिक्स में तमिल फिल्म 'पुष्पा' का खुमार, राजनाथ सिंह ने पुष्पा के डायलॉग को सीएम से जोड़ा

- कांग्रेस को विकास में विश्वास नहीं राजनाथ सिंह
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तमिल फिल्म पुष्पा इन दिनों पर्दे से लेकर राजनीति में खूब चर्चित है। उत्तराखड़ के गंगोलिहाट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चुनावी प्रचार में पुष्पा का जिक्र किया। मूवी पुष्पा के एक डॉयलाग को रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जोड़ते हुए कहा आज कल अभिनेता अल्लू अर्जुन और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की सुपरहिट तमिल फिल्म पुष्पा का नाम काफी चर्चा में है और हमारे सीएम का नाम पुष्कर है, लेकिन यह पुष्कर नाम सुनकर कांग्रेस के लोग समझते हैं कि ये पुष्कर तो फ्लॉवर है, लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि अपना पुष्कर फ्लॉवर भी है और फायर भी। हमारा पुष्कर ना कभी झुकेगा, ना कभी रूकेगा।
आपको बता दें देशभर में इन दिनों पुष्पा का खुमार छाया हुआ है। इसी के चलते बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने भी फिल्म पुष्पा का जिक्र किया। वहीं रक्षा मंत्री ने कांग्रेस की नीति और नियत पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कांग्रेस की न तो कोई नीति है, ना, कोई नियत, ना ही यह विकास करने में विश्वास रखती है। उन्होंने कांग्रेस पर देश प्रदेश को लूटने का भी आरोप लगाया।
Created On :   8 Feb 2022 4:08 PM IST