मल्लिकार्जुन खड़गे ने किया भाजपा पर प्रहार, कहा- हम हैं असली देशभक्त, चीन के मुद्दे पर बहस करने से बच रही है सरकार

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अपने बयानों के चलते हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। सत्ताधारी पार्टी पर तीखे बयानबाजी के लिए खड़गे जाने जाते हैं। फिर से मल्लिकार्जुन खड़गे ने भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा प्रहार किया है। भाजपा पर जुबानी हमला करते हुए खड़गे ने कहा कि आपने देश के लिए क्या किया? देश की एकता के लिए इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपनी जान की कुर्बानी दी।
कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने अपनी जान दी,आपने क्या किया? खड़गे ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि इनके घर में कोई देश के लिए एक कुत्ता नहीं मरा है, क्या किसी ने कुर्बानी दी है? नहीं। कांग्रेस अध्यक्ष के इस बयान पर विवाद होने के पूरे आसार हैं। हाल ही में हुए गुजरात विधानसभा चुनाव के प्रचार-प्रसार के दौरान खड़गे ने पीएम मोदी को रावण से तुलना कर दिया था। जिसके बाद भाजपा नेताओं ने मल्लिकार्जुन पर खूब बयानबाजी की थी
खड़गे ने किया भाजपा पर वार
मल्लिकार्जुन खड़गे ने ये पूरी बात भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बोली है। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा इन दिनों राजस्थान के अलवर से गुजर रही हैं। जहां पर खड़गे ने एक सभा को संबोधित किया। जिसमे कहा कि हम कुछ बोले तो वो हमे देशद्रोही बता देते हैं। भाजपा को ललकारते हुए कहा कि इन लोगों ने देश के लिए कुछ नहीं किया। फिर भी ये देशभक्त बने फिरते हैं। वहीं खड़गे ने कांग्रेस पार्टी को लेकर कहा कि हमारी पार्टी ने देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर किया है। इसके बाद भी भाजपा वाले हमे देशद्रोही बताते हैं। वहीं खड़गे ने लोकतंत्र को लेकर अपनी चिंता भी जताई।
बहस करने से बच रही है सरकार
मल्लिकार्जुन खड़गे ने जनसभा को संबोधित करते हुए चीन से बॉर्डर पर हुए भारतीय सैनिकों के झंडप के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार से हम चीन के आक्रमण पर चर्चा चाहते हैं लेकिन सत्ता पार्टी तैयार नहीं है। खड़गे ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बाहर तो शेर जैसी बातें करते हैं लेकिन असल में वो चूहे की चाल चलते हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि हम और हमारी पार्टी हमेशा देश के साथ हैं। हाल ही में हुए चीन से भारतीय सैनिकों की झड़प की जानकारी देश व विपक्ष से छुपाई जा रही है। दरअसल, 9 दिसंबर को अरूणाचल प्रदेश के तवांग के यांग्त्से इलाके में भारतीय व चीनी सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। जिसमे 3 से 4 जवान को हल्की चोटें आई थी। तभी से विपक्ष सरकार से संसद में चर्चा करने की मांग कर रहा हैं। वहीं सरकार पर आरोप लग रहे कि वो चीन के मुद्दे पर बहस करना नहीं चाहती है।
Created On :   19 Dec 2022 9:02 PM IST