भारत जोड़ो यात्रा में सिविल सोसाइटी को जोड़ने के लिए कांग्रेस की अहम बैठक, राहुल गांधी भी मौजूद

- भारत जोड़ो यात्रा में सिविल सोसाइटी को जोड़ने के लिए कांग्रेस की अहम बैठक
- राहुल गांधी भी मौजूद
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी की प्रस्तावित भारत जोड़ो यात्रा की अहम बैठक आज दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में हो रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी भी बैठक में हिस्सा ले रहे हैं।
दिल्ली में आज सोमवार को कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा को लेकर अहम बैठक कर रही है। कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं के साथ राहुल गांधी भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि इस बैठक में कांग्रेस ने सिविल सोसाइटी से जुड़े लोगों को भी बुलाया है। राहुल गांधी उनकी समस्याओं को सुनेंगे और भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उन मुद्दों को सड़क पर उठाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस सिविल सोसायटी के सदस्यों को भी साथ जोड़ना चाहती है। कांग्रेस का मानना है कि ये सद्भावना यात्रा है, ऐसे में वो सभी सिविल सोसाइटी के सदस्यों से भी इसमें जुड़ने की अपील कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी समेत सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी इस यात्रा से सक्रिय तौर पर जुड़े रहेंगे। खासतौर से राहुल गांधी अपनी सभाओं के जरिए भाजपा सरकार पर निशाना साधते दिखाई देंगे।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर से शुरू हो रही है। कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक ये यात्रा होगी। ये यात्रा 3500 किलोमीटर का सफर और लगभग 12 राज्यों से होकर गुजरेगी। इस दौरान कांग्रेस पदयात्रा और रैलियां करेगी। माना जा रहा है कि इस भारत जोड़ो यात्रा के जरिए कांग्रेस 2024 के लोकसभा की तैयारी कर रही है। इसी को लेकर इस बैठक का आयोजन किया गया है।इस बैठक में कुछ सिविल सोसाइटी से जुड़े लोगों के अलावा कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह, जयराम रमेश और अलग अलग प्रदेशों से आए नेता भी शामिल हैं।
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ bhaskarhindi.com की टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
Created On :   22 Aug 2022 4:00 PM IST