मुख्यमंत्री योगी बोले, ओवैसी सिर्फ सपा के साथी

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कानपुर में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में कहा कि, आज मैं यहां चेतावनी देता हूं, जो सिटीजन शिप एक्ट के खिलाफ भावनाओं को उकसाकर खिलवाड़ करने का काम कर रहे हैं, उन अब्बाजान और चचाजान से सरकार सख्ती से निपटना जानती है। उन्होंने कहा कि पहले हर तीसरे दिन दंगे होते थे, पर हमारी सरकार में कोई दंगा नहीं हुआ। ओवैसी सिर्फ समाजवादी पार्टी के साथी हैं, मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कानपुर, बुंदेलखंड का क्षेत्र बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में झांसी की रानी ने अंग्रेजी सल्तनत की चूलें हिलाईं तो बिठूर भी किसी से पीछे नहीं रहा।
उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र अकूत प्राकृतिक सम्पदाओं से परिपूर्ण होने के कारण एक विशेष क्षेत्र हो सकता था, लेकिन आजादी के बाद की सरकारों ने इसे लूटकर खोखला कर दिया, लेकिन आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ये क्षेत्र विकास की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कोरोना में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को मानवता को बचाने का मंत्र दिया। यही कारण था कि केंद्र और राज्य सरकार के साथ सिर्फ बीजेपी के कार्यकर्ता ही काम कर रहे थे, अन्य राजनीतिक दलों के लोग सिर्फ हवा हवाई बातें कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि 2014 में जो प्रधानमंत्री ने कहा, 2019 तक वो सारे काम हो गए। 2019 में जो कहा 2021 तक वो सब पूरे हो रहे हैं। हम हमेशा यही कहते थे रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। आपने देखा कि प्रधानमंत्री ने उस सपने को साकार कर दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना में टेस्ट फ्री, वैक्सीन फ्री और फ्री राशन दिया गया। यह सिर्फ प्रधानमंत्री के ही कारण हो पाया। प्रधानमंत्री मोदी के अभियान को अब घर-घर पहुंचाने का काम करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली से होली तक प्रदेश सरकार 15 करोड़ लोगों को फ्री राशन देने का काम करेगी। इस राशन में एक किलो दाल, तेल, नमक और चीनी भी दिया जाएगा। उन्होंने जनता से संवाद करते हुए कहा कि संकट के समय का साथी कौन। संकट की साथी जब भाजपा है तो वोट पाने की अधिकारी भी भाजपा है। उन्होंने कहा कि 2019 में जो बूथ अध्यक्षों ने करके दिखाया था, वही संकल्प फिर से लेने के लिए आये हैं। प्रधानमंत्री ने यही मंत्र दिया था, बूथ जीता तो चुनाव जीता। वहीं कानपुर क्षेत्रीय बीजेपी कार्यालय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अटल जी ने एक बात कही थी सिद्धांतविहीन राजनीति मौत का फंदा होती है। आजादी के बाद मूल्यों और आदशरें और भारत के प्रति सर्वस्व समर्पण करने वाला कोई दल है, वो भारतीय जनता पार्टी है।
(आईएएनएस)
Created On :   23 Nov 2021 8:00 PM IST