Mumbai News: मंत्रिमंडल की बैठक से पहले एजेंडा लीक होने से मुख्यमंत्री नाराज

- मंत्रियों को सख्त निर्देश
- अधिकारियों को दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
Mumbai News प्रदेश में हर सप्ताह मंगलवार को होने वाली राज्य मंत्रिमंडल की बैठक से पहले ही एजेंडा दस्तावेजों (प्रस्तावित फैसले) लीक होने से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की नाराजगी सामने आई है। मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान मंत्रियों को एजेंडा लीक नहीं होने देने को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने राज्य के मंत्रियों के कार्यालय में तैनात उन अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है, जो मंत्रिमंडल की बैठक से पहले ही अनधिकृत रूप से एजेंडे को लीक कर देते हैं। इससे मीडिया में खबरें प्रसारित और प्रकाशित हो जाती हैं।
दरअसल, मंत्रालय में मीडिया ने मुख्यमंत्री से डांस बार संबंधी संशोधन विधेयक के प्रस्ताव को लेकर सवाल किया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संबंध में मंत्रिमंडल में अभी फैसला नहीं हुआ है, लेकिन हाल के दिनों में मंत्रिमंडल की बैठक से पहले कुछ मीडिया समूह एजेंडा को प्रसारित और प्रकाशित कर रहे हैं। यह एक गलत तरीका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल का एजेंडा दस्तावेज गुप्त होता है। मंत्रियों को यह याद रखना चाहिए कि उन्होंने मंत्री पद के साथ गोपनीयता की भी शपथ ली है। फिर मेरे आदेश के बाद भी एजेंडा लीक होने का सिलसिला शुरू रहा तो मुझे संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल के फैसलों के बारे में छिपाने जैसी कोई बात नहीं होती है, लेकिन जो नियम है उसका पालन सभी लोगों को करना चाहिए।
मुख्यमंत्री की मीडिया को भी नसीहत : फडणवीस ने कहा कि न्यूज चैनल मंत्रिमंडल की बैठक से पहले ही प्रस्तावित फैसले के बारे में खबरें प्रसारित करते हैं। कुछ समाचार पत्र भी इससे संबंधित खबरें प्रकाशित करते हैं, लेकिन मेरा मीडिया से भी आग्रह है कि ऐसा न करें। क्योंकि नियमों का उल्लंघन किसी को नहीं करना चाहिए।
क्या है व्यवस्था : दरअसल, राज्य मंत्रिमंडल की बैठक हर सप्ताह मंगलवार को होती है। मंत्रिमंडल की बैठक का एजेंडा मुख्य सचिव के सचिवालय की ओर से मंत्रियों के पास भेजा जाता है। मंत्रालय में मंत्रियों के मौजूद नहीं होने पर उनके निजी सचिव (पीएस) अथवा विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) के पास एजेंडा दिया जाता है। जिसके बाद एजेंडा मंत्रियों के पास पहुंचता है। मंत्रिमंडल का एजेंडा लीक न हो। इसके लिए अधिकांश बार देर रात को एजेंडा मंत्रियों के पास भेजा जाता है, लेकिन इसके बावजूद एजेंडा लीक हो रहा है। मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बारे में भी गुप्तता बरकरार रखने की कोशिश की गई थी। 17 फरवरी को शाम 4 बजे तक मंत्री कार्यालय को यह भी नहीं सूचित किया गया था कि अगले दिन मंगलवार को मंत्रिमंडल की बैठक होनी है। मंत्रिमंडल का एजेंडा देर शाम मंत्रियों के पास भेजा गया था। इसके बावजूद एजेंडा लीक हो गया। इससे मुख्यमंत्री की नाराजगी सामने आई है। संभवतः यह पहला मौका जब राज्य के किसी मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से एजेंडा लीक होने पर कड़ी नाराजगी जताई है।
हम पार्टी के हर नेता को सुरक्षा नहीं दे सकते: फडणवीस : राज्य की महायुति सरकार में विवादों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। एक दिन पहले ही राज्य के गृह विभाग ने कई विधायकों की सुरक्षा में कटौती करने का निर्णय लिया था। बताया जा रहा है कि इनमें सबसे अधिक शिंदे (गुट) के नेता शामिल हैं। ऐसे में शिंदे (गुट) में इसे लेकर खासी नाराजगी देखी जा रही है। यह नाराजगी मंगलवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में भी नजर आई। सूत्रों के अनुसार शिंदे गुट के एक मंत्री ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समक्ष सुरक्षा में कटौती का मुद्दा उठाया। जवाब में फडणवीस ने कहा कि केवल शिंदे गुट के नेताओं और विधायकों की सुरक्षा में कटौती नहीं की गई है, बल्कि भाजपा और राकांपा (अजित) नेताओं की सुरक्षा भी कम की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम पार्टी के हर नेता को सुरक्षा नहीं दे सकते। उन्होंने सुरक्षा में कटौती के लिए राज्य के खुफिया विभाग की रिपोर्ट का हवाला भी दिया। ‘दैनिक भास्कर’ ने सोमवार को शिंदे गुट के नेताओं की सुरक्षा में कटौती की खबर प्रकाशित की थी।
Live Updates
- 19 Feb 2025 10:54 AM IST
कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
प्रदेश में हर सप्ताह होने वाली राज्य मंत्रिमंडल की बैठक से पहले ही एजेंडा दस्तावेजों (प्रस्तावित फैसले) लीक होने से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की नाराजगी सामने आई है। मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान मंत्रियों को एजेंडा लीक नहीं होने देने को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने राज्य के मंत्रियों के कार्यालय में तैनात उन अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है, जो मंत्रिमंडल की बैठक से पहले ही अनधिकृत रूप से एजेंडे को लीक कर देते हैं। इससे मीडिया में खबरें प्रसारित और प्रकाशित हो जाती हैं।
Created On :   19 Feb 2025 10:53 AM IST