बिहार पॉलिटिक्स: RJD सांसद सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार पर बोला हमला, JDU सरकार के शासन को बताया राज्य का अपमान

RJD सांसद सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार पर बोला हमला, JDU सरकार के शासन को बताया राज्य का अपमान
  • बिहार के सियासी गलियारों में बयानबाजी तेज
  • बक्सर सांसद ने नीतीश कुमार पर साधा निशाना
  • जेडीयू सरकार के कार्यकाल को लेकर उठाए सवाल

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की 'प्रगति यात्रा' पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सांसद सुधाकर सिंह ने तीखा हमला बोला है। बक्सर से सांसद सुधाकर सिंह ने कहा, "सीएम नीतीश कुमार के शासन में रहना पूरे राज्य का अपमान है। जो व्यक्ति मानसिक रूप से अस्थिर और अस्वस्थ है, वह न जाने क्यों घूम रहा है। शायद वह अपने जीवन के अंतिम पड़ाव में प्रायश्चित की यात्रा पर है। उनके इस तरह के सार्वजनिक भ्रमण से राज्य की जनता को कोई लाभ नहीं हो रहा है। नीतीश कुमार का यह भ्रमण सिर्फ दिखावा है। बिहार की जनता को बदलाव और विकास की आवश्यकता है, जो इस तरह की यात्रा से संभव नहीं हो सकता।"

सुधाकर सिंह ने नीतीश कुमार पर साधा निशाना

राजद सांसद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके द्वारा अपने क्षेत्र में 600 करोड़ रुपये का स्टेडियम बनवाया गया। पिछले 20 साल में बिहार का एक-तिहाई पैसा केवल नालंदा में खर्च किया गया है। कैमूर जिले को इस दौरान कोई महत्वपूर्ण परियोजना या विकास नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ने कैमूर के लिए 350 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का ऐलान किया लेकिन यह राशि सिर्फ हवा-हवाई साबित हुई है। यह सिर्फ एक दिखावा है, जिसका कोई वास्तविक असर जमीन पर नहीं पड़ा है। उन्हें राज्य के अन्य हिस्सों में भी उतना ही ध्यान देना चाहिए, जितना वह अपने क्षेत्र में देते हैं।

गया में जेडीयू की प्रगति यात्रा

वहीं, 13 फरवरी को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के क्रम में गया जिला पहुंचे, जहां उन्होंने 1,437.90 करोड़ रुपये की कुल 1,714 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री चंदौती प्रखंड के प्रभावती अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल हुए।

Created On :   19 Feb 2025 1:55 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story