किसान आंदोलन विवाद: 'भगवंत मान का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है..', आंदोलन कर रहे किसानों पर कार्रवाई को लेकर भड़के विपक्षी नेता

भगवंत मान का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है.., आंदोलन कर रहे किसानों पर कार्रवाई को लेकर भड़के विपक्षी नेता
  • पंजाब पुलिस ने आंदोलन कर रहे किसानों शंभू बॉर्डर से हटाया
  • 200 किसानों को हिरासत में लिया
  • विपक्षी नेताओं ने भगवंत मान सरकार पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब-हरियाणा शंभू बॉर्डर पर पुलिस ने बुधवार को किसानों द्वारा लगाए गए धरने को समाप्‍त करा द‍िया और टेंटों को तोड़ दिया। इस दौरान पुलिस ने 200 किसान नेताओं को हिरासत में लिया है। इससे पहले शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों और केंद्र सरकार के बीच बुधवार को 7वीं वार्ता बेनतीजा रही। इस बैठक से लौटकर आ रहे किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवण पंधेर और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के जगजीत डल्लेवाल को हिरासत में लिया।

नेताओं को हिरासत में लेने पर विपक्षी दलों ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। शिरोमणि अकाली दल सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा, "मुझे लगता है कि भगवंत मान का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। चुनाव के समय में यही भगवंत मान किसानों के पास जाकर कह रहे थे कि मेरी सरकार बनाइए, MSP की गारंटी मैं दूंगा। सरकार बनाने के बाद वे 3 साल से झूठ बोल रहे हैं। अब हाल यह है कि जब किसान अपना अधिकार मांग रहे हैं तो पुलिस के जोर पर किसान नेताओं को जेल में कैद किया जा रहा है।"

साजिश के तहत हुआ किसानों पर हमला - चरणजीत सिंह चन्नी

वहीं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा, "आज पंजाब के किसानों के ऊपर, पंजाब के ऊपर एक बड़ी मुसीबत का दिन है। एक साजिश के तहत किसानों पर हमला किया जा रहा है। पंजाब ही नहीं पूरी किसानी पर आज बहुत बड़ा हमला होने जा रहा है। आज बैठक थी, जिसमें कहा गया कि 4 मई को बात की जाएगी और पीछे से हमला कर दिया गया। रास्ता किसानों ने नहीं बल्कि सरकार ने रोका हुआ है। वे(किसान) तो दिल्ली आना चाहते हैं। जिस काले दिन से पंजाब निकलकर बाहर आया था आज फिर उसी भट्टी में किसान और पंजाब को झोंकने की तैयारी की जा रही है।"

बता दें कि किसान बीते 13 महीने से शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। तब दिल्ली कूच करते समय हरियाणा पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग कर बॉर्डर पर ही रोक दिया था। वह MSP की गारंटी के कानून की मांग कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने 4 बार दिल्ली जाने का प्रयास किया लेकिन उन्हें शंभू और खनौरी बॉर्डर से आगे ही नहीं बढ़ने दिया गया।

Created On :   20 March 2025 12:23 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story