ASI Murder Case: एएसआई के हत्या मामले में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा से लेकर इन मंत्रियों ने दी प्रतिक्रिया, कहा- 'एनकाउंटर की जरूरत पड़ी तो..'

- एएसआई संतोष कुमार सिंह की हुई हत्या
- इस मामले में एक आरोपी हुआ गिरफ्तार
- विजय सिंह ने दी प्रतिक्रिया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार के मुंगेर जिले में मुफस्सिल थाने के एएसआई संतोष सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसमें एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसका नाम गुड्डू यादव बताया जा रहा है। लेकिन अभी और संदिग्धों को पकड़ने की तलाश जारी है। गुड्डू यादव को गिरफ्तार करने के बाद ही पुलिस उसे ले जा रही थी। तभी पुलिस की गाड़ी के साथ हादसा हो गया था और गाड़ी पलट गई थी। इसी समय गुड्डू ने भागने की कोशिश की थी और पुलिस के हथियार छीनने की कोशिश की थी। इससे बचने के लिए पुलिसकर्मियों ने गोली चलाई थी और आरोपी के पैर में लग गई थी।
घटना पर नेताओं का क्या है कहना?
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार का क्या है कहना?
'यह घटना बहुत ही दुखद है। सरकार इस मामले में सख्त कार्रवाई करेगी। अपराध को खत्म करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। सुशासन के लिए हम सत्ता में हैं और ठोस कदम उठाएंगे। प्रशासन पर कोई हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों को ढूंढकर उन्हें उनकी भाषा में जवाब दिया जाएगा। अगर एनकाउंटर की जरूरत पड़ी तो वह भी किया जाएगा। सरकार ने पुलिस को खुली छूट दी है कि अपराधियों को उनकी समझ की भाषा में सबक सिखाया जाए।'
बिहार के मंत्री प्रेम कुमार ने भी दी प्रतिक्रिया
'बिहार में कानून का राज कायम है। जनता के सेवक की हत्या बहुत ही निंदनीय है। हत्यारों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।'
कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि, 'बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। इसके लिए बीजेपी और एनडीए जिम्मेदार हैं। बीजेपी हर मुद्दे में सिर्फ राजनीतिक फायदा देखती है और त्योहारों के समय माहौल खराब करने की कोशिश करती है।'
डीआईजी का क्या है कहना?
मुंगेर के डीआईजी राकेश कुमार ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया है कि, 'एएसआई संतोष कुमार एक विवाद को सुलझाने गए थे, जो दो पक्षों के बीच चल रहा था। इस दौरान एक पक्ष ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनको अपनी जान गंवानी पड़ी। आरोपियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी कि भविष्य में कोई पुलिसकर्मी पर हमला करने की हिम्मत नहीं करेगा। पुलिस ने तीन राउंड फायरिंग करके गुड्डू यादव को गिरफ्तार किया था।'
क्या है मामला?
बता दें, शुक्रवार को एएसआई संतोष कुमार सिंह को मुंगेर के नंदलालपुरा इलाके में दो परिवारों के बीच हो रहे झगड़े की शिकायत मिली थी। जिसकी जानकारी मिलते ही वो अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत शुरू की। इसी बीच विवाद ज्यादा बढ़ गया और एक अंजान व्यक्ति ने तेज धार वाले हथियार से एएसआई संतोष कुमार के सिर पर मार दिया था। एएसआई गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनको तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया था। लेकिन उन्होंने अपनी जान खो दी। बता दें, पुलिस की तलाश अब भी लगातार जारी है।
Created On :   15 March 2025 6:29 PM IST