Delhi Cabinet Oath Ceremony: सीएम रेखा गुप्ता के साथ प्रवेश वर्मा समेत 6 मंत्रियों ने ली शपथ, जानें सभी के बारे में..

- दिल्ली में नई सरकार का हुआ शपथ ग्रहण
- सीएम रेखा गुप्ता के अलावा 6 मंत्रियों ने ली शपथ
- कपिल मिश्रा एकमात्र अनुभवी मंत्री
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह हो चुका है। 27 साल बाद राज्य की सत्ता में बीजेपी ने वापसी की है। शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता ने दिल्ली की चौथी महिला सीएम के रुप में शपथ ली है। उनके साथ ही 6 मंत्रियों ने शपथ ली है, उनके नाम प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, पंकज सिंह और रविंद्र इन्द्राज हैं। आइए जानते हैं दिल्ली सरकार की नई कैबिनेट के बारे में...
प्रवेश वर्मा
नई दिल्ली सीट से आप सुप्रीमों अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा दिल्ली के पूर्वसीएम साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। इससे पहले वह साल 2013 के विधानसभा चुनाव में महरौली सीट से भी विधायक चुने गए थे। वह पश्चिमी दिल्ली सीट से दो बार सांसद भी रह चुके हैं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने करीब पौने 6 लाख वोटों से जीत हासिल की थी।
रविंद्र इंद्राज सिंह
बवाना सीट से जीत हासिल करने वाले इंद्रराज सिंह ने दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ ली है। 50 वर्षीय इंद्रराज पहली बार विधायक बने हैं। वह पंजाबी दलित समुदाय से आते हैं, इस समुदाय को पंजाब में मजहबी सिख कहा जाता है। उनको मंत्री बनाने के पीछे की वजह बीजेपी द्वारा दलितों को अपनी ओर करना माना जा रहा है।
पंकज कुमार सिंह
दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने में पूर्वांचली वोटर अहम भूमिका निभाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस पंकज कुमार सिंह को बीजेपी ने मंत्री बनाया है। वह पहली बार विधायक बने हैं। इससे पहले वो पार्षद भी रह चुके हैं। उनके पिता दिल्ली एमसीडी आयुक्त भी थे।
मनजिंदर सिंह सिरसा
राजौरी गार्डन विधानसभा सीट से जीत हासिल करने वाले मनजिंदर सिंह सिरसा ने रेखा गुप्ता कैबिनेट में मंत्री की शपथ ली। वह दो बार अकाली दल से विधायक रह चुके हैं। साल 2021 में वह बीजेपी में शामिल हुए थे। वर्तमान में वह बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव हैं। इसके अलावा पहले वो दिल्ली गुरुवारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
कपिल मिश्रा और आशीष सूद
बीजेपी के फायरब्रांड नेता कपिल मिश्रा करावल नगर सीट से विधायक चुने गए हैं। दिल्ली की नई सरकार में वो ही एक ऐसे मंत्री हैं जिन्हें मंत्री पद संभालने का अनुभव है। वह पहले आम आदमी पार्टी में थे फिर केजरीवाल से विवाद के बाद वह साल 2019 में बीजेपी में शामिल हो गए थे। वह वर्तमान में दिल्ली बीजेपी के उपाध्यक्ष भी हैं।
वहीं बात करें आशीष सूद की तो वह जनकपुरी विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए हैं। उन्हें बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का करीबी माना जाता है। इसके अलावा वह पार्टी के प्रमुख पंजाबी नेता और आरएसएस की नजदीकी करीबी हैं।
Created On :   20 Feb 2025 3:08 PM IST