दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम 2025: BJP की जीत के बाद CM फेस पर मंथन शुरू, मोहन सिंह बिष्ट का बड़ा दावा, अमित शाह से बातचीत का किया जिक्र
![BJP की जीत के बाद CM फेस पर मंथन शुरू, मोहन सिंह बिष्ट का बड़ा दावा, अमित शाह से बातचीत का किया जिक्र BJP की जीत के बाद CM फेस पर मंथन शुरू, मोहन सिंह बिष्ट का बड़ा दावा, अमित शाह से बातचीत का किया जिक्र](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/09/1401840--.webp)
- दिल्ली विधानसभा चुनाव के घोषित हुए परिणाम
- जीत के बाद भाजपा में सीएम फेस पर मंथन तेज
- मोहन सिंह बिष्ट ने अमित शाह से फोन पर बातचीत का किया दावा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इसके बाद अब भाजपा से सीएम बनने के फैसले पर मंथन शुरू हो गया है। इस बीच मुस्तफाबाद सीट से चुनाव जीते भाजपा के दिग्गज नेता मोहन सिंह बिष्ट ने बड़ा बयान दिया था। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि गृह मंत्री अमित शाह का फोन आया था। अमित शाह ने कहा, 'जीत की बधाई देने के लिए उन्होंने फोन किया था, लेकिन बातचीत के बुलाया नहीं है।'
मोहन सिंह बिष्ट ने किया बड़ा दावा
बता दें, दिल्ली की मुस्तफाबाद विधानसभा सीट से मोहन सिंह बिष्ट ने छठी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि छठी बार जनता ने विधायक चुना है। इस बार सरकार भी हमारी है तो सड़क से लेकर पानी, बिजली, सभी मामलों में मुस्तफाबाद का विकास करना प्राथमिकता रहेगी।
इसके अलावा मोहन बिष्ट ने बताया कि नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में पूर्वांचल समाज के लोगों का बड़ा मुद्दा यमुना की सफाई है। 1993-1998 के बीच भाजपा ने अपने कार्यकाल में कई सफाई करने वाले प्लांट बनवाएं थे। इसके बाद अब दिल्ली में भाजपा की सरकार में एक बार फिर से प्लांट बनाएं जाएंगे।
दिल्ली की जनता को दी सौगात
मुस्तफाबाद सीट से नवनिर्वाचित सांसद ने बताया कि दिल्ली में मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना भी लागू की जाएगी। इससे प्राइवेट अस्पतालों में गरीबों को फ्री इलाज मुहैया कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली का चौमुखी विकास करना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। इसके बाद मोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि भाजपा सरकार बनते ही सबसे पहले सिलेंडर पर 500 रुपए की छूट दी जाएगी। इससे मध्यम वर्ग का भला होगा।
गौरतलब है कि, दिल्ली में भाजपा सरकार के गठन और मुख्यमंत्री पद नाम तय करने पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा संसदीय सीट के हिसाब से विधायकों के अलग-अलग समूह में बात करेंगे। जबकि, दूसरी ओर अमित शाह और जेपी नड्डा भी आगे की रणनीति तय करने के लिए आपस में चर्चा करेंगे।
Created On :   9 Feb 2025 4:04 PM IST