Delhi Assembly Election: भ्रष्टाचार में लिप्त आम आदमी पार्टी, दिल्ली में बनेगी बीजेपी की सरकार, भाजपा अध्यक्ष ने किया बड़ा दावा

भ्रष्टाचार में लिप्त आम आदमी पार्टी, दिल्ली में बनेगी बीजेपी की सरकार, भाजपा अध्यक्ष ने किया बड़ा दावा

डिजिटल डेस्क, पटना। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आज वोटिंग होने वाली है। केंद्र शासित प्रदेश की सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ रहे 699 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला 1.56 करोड़ से ज्यादा मतदाता करेंगे। इस बीच बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार भाजपा के पक्ष में मतदाताओं का रुझान काफी सकारात्मक है।

भ्रष्टाचार में लिप्त AAP

इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है और अब जनता इस सरकार को बदलने के लिए तैयार है। दिल्ली के मतदाता इस बार आपदा सरकार को बदलने के लिए तैयार हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि दिल्ली में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलेगा।

पीएम का गंगा स्नान करना आस्था का प्रतीक

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज होने वाली महाकुंभ यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि महाकुंभ में इस बार करोड़ों श्रद्धालु, साधु-संत और सनातनी लोग गंगा स्नान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस पवित्र आयोजन में हिस्सा लेने के लिए महाकुंभ जा रहे हैं और उनका गंगा स्नान करना भारतीय आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। इस बार 144 वर्षों के बाद एक खास संयोग बन रहा है, जब महाकुंभ का आयोजन हो रहा है। यह अवसर सभी श्रद्धालुओं के लिए लाभकारी होगा और वह इस पवित्र अवसर का लाभ उठाकर गंगा स्नान करें।

बता दें कि दिल्ली में नई सरकार के गठन के लिए सभी 70 विधानसभा सीटों पर आज मतदान होगा। वहीं, नतीजों की घोषणा 8 फरवरी को होगी। दिल्ली में 1 करोड़ 56 लाख मतदाता हैं, जिनमें 83.49 लाख पुरुष और 71.74 लाख महिला मतदाता हैं। इसके अलावा 1,261 थर्ड जेंडर मतदाता भी हैं। युवा मतदाताओं की संख्या 25.89 लाख है, जबकि 2.08 लाख फर्स्ट टाइम वोटर हैं। वोटिंग के लिए दिल्ली में कुल 13766 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

Created On :   5 Feb 2025 2:20 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story