दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: AAP-दा की सरकार को लोगों ने उखाड़ फेंका, बीजेपी की प्रचंड जीत पर बोलीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी
![AAP-दा की सरकार को लोगों ने उखाड़ फेंका, बीजेपी की प्रचंड जीत पर बोलीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी AAP-दा की सरकार को लोगों ने उखाड़ फेंका, बीजेपी की प्रचंड जीत पर बोलीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/08/1401724-capture.webp)
- दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी दर्ज की ऐतिहासिक जीत
- 70 में से 48 सीटों पर लहराया जीत का परचम
- केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की सत्ता में 27 साल बाद बीजेपी की वापसी हो गई है। आज आए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को बंपर जीत मिली है। पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए राज्य की 70 में से 48 सीटों पर कब्जा जमाया है। वहीं पिछले चुनाव में 62 सीटें जीतने वाली आम आदमी पार्टी महज 22 सीटों पर सिमट गई है। इस जीत पर बीजेपी में खुशी की लहर है। इस जीत का जश्न केवल दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे देश के बीजेपी कार्यकर्ता और नेता मना रहे हैं।
AAP-दा की सरकार को लोगों ने उखाड़ फेंका
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने बीजेपी की इस जीत को प्रचंड बताते हुए आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा, "यह एक प्रचंड जीत है। जिस तरह दिल्ली में AAP-दा की सरकार को लोगों ने उखाड़ फेंका हैं। अब दिल्लीवासियों ने भाजपा यानी सुशासन पर मुहर लगाई है। निश्चित रूप से भाजपा जनता के विश्वास पर खरी उतरेगी।"
पीएम मोदी ने भी आप पर बोला हमला इससे पहले पीएम मोदी ने कहा कि आज की ये विजय ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने AAP-दा को बाहर कर दिया है। एक दशक की AAP-दा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है - आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई AAP-दा की हार हुई है। इस नतीजे ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत, उनके परिश्रम को चार चांद लगा दिए हैं। आप सभी कार्यकर्ता इस विजय के हकदार हैं। मैं भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को इस विजय की बहुत बहुत बधाई देता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। दिल्ली की जनता ने लोकसभा चुनाव में मुझे कभी निराश नहीं किया। तीनों चुनावों- 2014, 2019 और 2024- में दिल्ली की जनता ने हमें सभी सात सीटों पर शानदार जीत दिलाई। लेकिन आज दिल्ली ने हमारा वो आग्रह भी मान लिया। दिल्ली की युवा पीढ़ी, 21वीं सदी में पैदा हुए साथी अब पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेंगे। आज के नतीजे दिखाते हैं कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के लिए देश में कितना भरोसा है।
Created On :   8 Feb 2025 11:47 PM IST