Delhi Politics: 'दिल्ली का संचालन ऐसा हो कि लोग भय में नहीं भाव में रहें', सीएम पद के लिए रेखा गुप्ता के नाम का ऐलान होने पर बोले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री
- दिल्ली में सीएम पद के लिए रेखा गुप्ता के नाम का हुआ ऐलान
- विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नाम पर लगी मुहर
- धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी दी प्रतिक्रिया
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली के अगले सीएम का ऐलान हो गया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगाई गई है। अपने नाम की घोषणा होने के बाद रेखा गुप्ता ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। अब वह कल यानी गुरुवार को रामलीला मैदान में दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा पर बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, "जिनको जो पद प्राप्त हुआ उन्हें शुभकामना। प्राथमिक रूप से यमुना नदी साफ हो, रियायशी इलाकों का कचड़ा साफ हो, दिल्ली का कचड़ा जमीन से और मन से साफ हो। आए दिन सुनने को मिलता है कि दिल्ली असुरक्षित है। हम चाहते हैं कि वहां एक ऐसे शासन का संचालन हो कि दिल्ली में लोग भय में नहीं भाव में रहें।"
सीएम पद के लिए चुने जाने पर क्या बोलीं रेखा गुप्ता?
दिल्ली बीजेपी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- मुझ पर विश्वास कर मुख्यमंत्री पद का दायित्व सौंपने के लिए मैं सभी शीर्ष नेतृत्व का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं। आपके इस विश्वास और समर्थन ने मुझे नई ऊर्जा और प्रेरणा दी है। मैं संकल्प लेती हूं कि दिल्ली के हर नागरिक के कल्याण, सशक्तिकरण और समग्र विकास के लिए पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण से कार्य करूंगी। दिल्ली को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए मैं पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं।
कौन हैं रेखा गुप्ता?
रेखा गुप्ता दिल्ली के शालीमार बाग से विधायक हैं। उन्हें 68,200 वोट मिले। रेखा गुप्ता ने आप नेता बंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया है। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। साथ ही, मौजूदा समय में वह देश की दूसरी सीएम बनने जा रही हैं। वहीं, बीजेपी की ओर से इस वक्त रेखा गुप्ता पहली सीएम होंगी।
रेखा गुप्ता का राजनीतिक करियर
रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव से राजनीति में कदम रखा। वह वर्ष 1996-1997 में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की अध्यक्ष बनीं। हरियाणा के जींद की रहने वाली रेखा गुप्ता BJP महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। वो दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ की सचिव और अध्यक्ष रही हैं। इसके अलावा 2007 और 2012 में उत्तरी पीतमपुरा से पार्षद चुनी गईं। हालांकि, दिल्ली में पिछले दो विधानसभा चुनाव में उन्होंने जीत नहीं हासिल की थी।
Created On :   19 Feb 2025 11:22 PM IST