Haryana Budget session: हरियाणा में 7 मार्च से बजट सत्र शुरू, 17 मार्च को बजट पेश करेंगे सीएम नायब सिंह सैनी, जनता को दे सकते हैं बड़ी सौगात

- हरियाणा में 7 मार्च से बजट सत्र शुरू
- 17 मार्च को बजट पेश करेंगे नायब सिंह सैनी
- जनता को दे सकते हैं बड़ी सौगात
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हरियाणा में 7 मार्च से बजट सत्र शुरू हो रहा है, जो 28 मार्च तक चलेगा। इस बीच गुरुवार को हरियाणा विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की बैठक हुई। जिसमें फैसला लिया गया है कि 7 मार्च से 28 मार्च तक बजट सत्र चलेगा। पहले प्रस्तावित विधानसभा के कार्यक्रम के मुताबिक, बजट 13 मार्च को पेश होने वाला था। लेकिन अब बैठक के बाद इसे बदलकर 17 मार्च कर दिया गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर वित्त मंत्री 17 मार्च को हरियाणा का बजट पेश करेंगे।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा- कल राज्यपाल के अभिभाषण से विधानसभा के सत्र की शुरुआत होगी। अभी यह 28 मार्च तक चलेगा और अगर इसे आगे बढ़ाने की आवश्यकता हुई तो BAC की बैठक में उसे और बढ़ाया जा सकता है, अभी इसके ऊपर चर्चा हुई है। यह सरकार का पहला बजट सत्र है। आज BAC की बैठक में इस पर भी चर्चा हुई है। 17 मार्च को बजट पेश होगा।
हमने हरियाणा में किसानों की पीड़ा को समझा- नायब सिंह सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा- जब ये लोग वहां के किसानों को उकसाते थे, मैंने तब कहा था कि आप उकसाओ मत। मुझे मालूम है कि किसान की पीड़ा क्या है, वो कैसे खेत में काम करते हैं। हरियाणा में किसानों को अगर कोई प्राकृतिक आपदा भी आती है तो सरकार उनके साथ खड़ी दिखाई देती है। हमने हरियाणा में किसानों की पीड़ा को समझा है। हमने पहले 14 फसलें MSP पर खरीदीं और आज हम हरियाणा की 100% फसल MSP पर खरीद रहे हैं। मैंने पंजाब सरकार को सुझाव दिया था कि आप बात कम करिए और किसानों के बीच में जाओ और उनको आश्वस्त करिए। वो फसल को MSP पर क्यों नहीं खरीद रहे हैं? मैं पंजाब के मुख्यमंत्री को कहना चाहूंगा कि आप किसानों को मजबूत करने का काम करें, उनपर लाठी मत चलवाओ।
बता दें कि, आज हरियाणा विधानसभा सचिवालय में हुई सर्वदलीय बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्पीकर हरविंद्र कल्याण, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल, अशोक अरोड़ा, आफताब अहमद, इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला और निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल मौजूद रहे।
Created On :   6 March 2025 9:32 PM IST