दिल्ली: बीजेपी विधायक मोहन सिंह बिष्ट विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए

- मुस्तफाबाद से बीजेपी विधायक मोहन सिंह बिष्ट
- गुरुवार को दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष बने
- सर्वसम्मति से स्वीकार हुआ प्रस्ताव
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की मुस्तफाबाद विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक मोहन सिंह बिष्ट गुरुवार को विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गये। दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा सदन की कार्यवाही शुरु होते ही भाजपा विधायक बिष्ट को उपाध्यक्ष बनाये जाने का प्रस्ताव पेश किया, जिसका कैबिनेट मंत्री मनजिन्दर सिंह सिरसा ने समर्थन किया।
विधान सभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने भी बिष्ट को उपाध्यक्ष बनाये जाने का प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया गया। अध्यक्ष ने बिष्ट को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।
आपको बता दें बिष्ट 6 वीं बार विधायक निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने इस बार मुस्तफाबाद से आम आदमी पार्टी के अदील अहमद खान को 17578 वोटों से मात दी थी। बिष्ट को 85218 वोट मिले। ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुसलेमिन (एआईएमआईएम) के मोहम्मद ताहिर हुसैन 33474 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
Created On :   27 Feb 2025 7:19 PM IST