दिल्ली चुनाव नतीजा 2025: राजौरी गार्डन विधानसभा सीट से बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा की जीत, चुनाव जीतने के बाद दी पहली प्रतिक्रिया

राजौरी गार्डन विधानसभा सीट से बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा की जीत, चुनाव जीतने के बाद दी पहली प्रतिक्रिया

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में बीजेपी ने प्रचंड जीत हासिल की है। इस बीच राजौरी गार्डन विधानसभा सीट से बीजेपी के विजयी उम्मीदवार मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी बहुत खुश थे। इस बार लोगों ने एकतरफा साथ दिया है। आज देश को पता चल गया है कि पिछले 25-30 साल से यमुना जी के नाम पर शोषण किया गया कि साफ होगी लेकिन नहीं हो पाई। लेकिन आज जब प्रधानमंत्री मोदी ने कह दिया कि यमुना मैया की जय, तो इसका मतलब है कि यमुना वाटर फ्रंट जल्दी बनने जा रहा है, यमुना जी साफ होगी।

    पीएम मोदी ने भी आप पर बोला हमला

    इससे पहले पीएम मोदी ने कहा कि आज की ये विजय ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने AAP-दा को बाहर कर दिया है। एक दशक की AAP-दा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है - आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई AAP-दा की हार हुई है। इस नतीजे ने भाजपा के कार्यकर्ताओं की दिन रात की मेहनत, उनके परिश्रम को चार चांद लगा दिए हैं। आप सभी कार्यकर्ता इस विजय के हकदार हैं। मैं भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को इस विजय की बहुत बहुत बधाई देता हूं।

    पीएम मोदी ने कहा कि आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। दिल्ली की जनता ने लोकसभा चुनाव में मुझे कभी निराश नहीं किया। तीनों चुनावों- 2014, 2019 और 2024- में दिल्ली की जनता ने हमें सभी सात सीटों पर शानदार जीत दिलाई। लेकिन आज दिल्ली ने हमारा वो आग्रह भी मान लिया। दिल्ली की युवा पीढ़ी, 21वीं सदी में पैदा हुए साथी अब पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेंगे। आज के नतीजे दिखाते हैं कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के लिए देश में कितना भरोसा है।

    बीजेपी को मिली प्रचंड जीत

    आज (8 फरवरी) दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए। जिसमें आम आदमी पार्टी को हार सामना करना पड़ा है। 70 सीटों वाले दिल्ली में बीजेपी ने 48 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं, आम आदमी पार्टी को केवल 22 सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा कांग्रेस को एक भी सीट हासिल नहीं की है।

    Created On :   8 Feb 2025 10:47 PM IST

    Tags

    और पढ़ेंकम पढ़ें
    Next Story