बिहार पॉलिटिक्स: दिल्ली में BJP की जीत पर RJD नेता मनोज झा का तंज, कहा - ‘अब बहाना नहीं रहेगा’
![दिल्ली में BJP की जीत पर RJD नेता मनोज झा का तंज, कहा - ‘अब बहाना नहीं रहेगा’ दिल्ली में BJP की जीत पर RJD नेता मनोज झा का तंज, कहा - ‘अब बहाना नहीं रहेगा’](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/09/1401895-.webp)
- दिल्ली में भाजपा की शानदार वापसी
- भाजपा की जीत पर आरजेडी नेता का तंज
- पीएम मोदी को लेकर कह दी ये बड़ी बात
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में 27 सालों के बाद भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में कई राज्यों से सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आ रही है। इस बीच अब राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) सांसद मनोज झा का रिएक्शन सामने आया है। उन्होंने कहा कि 27 साल बहुत लंबा समय होता है। 27 साल बाद भाजपा की दिल्ली की सत्ता में वापसी हुई है। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। अब उनके पास वह बहाना नहीं रहेगा कि डबल इंजन सरकार नहीं है।
मनोज झा ने भाजपा को दी बधाई
इंडिया गठबंधन के फ्यूचर के सवाल पर आरजेडी नेता मनोज झा ने इंडिया गठबंधन एक केंद्रीय विचार था। हमने इसे केंद्र में वैकल्पिक सरकार की संभावनाओं के लिए बनाया था। तब भी सभी दलों को पता था कि राज्यों में हम एक-दूसरे के सामने होंगे। ऐसी विसंगतियां होती हैं। मुझे लगता है कि अगर पार्टियों को लगता है कि वे बेहतर प्रदर्शन के लिए समन्वय कर सकते हैं, तो यह पहले से करना होगा न कि चुनाव को देखकर।
इसके अलावा मनोझ झा ने कहा कि देश की नदियों को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यमुना और गंगा के नाम पर इस देश में राजनीति बहुत हो गई। प्रधानमंत्री ने गंगा को लेकर कई बातें बोली। प्रधानमंत्री की राजनीति में भी शॉर्टकट के कई पहलू हैं। आपको जनादेश मिला है, कल को कहीं जनादेश नहीं मिलेगा, इसको आखिरी चुनाव मान लेना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि इस देश में इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी भी चुनाव हार गए थे, इसलिए ये जनतंत्र है। अगर आप जनता का काम नहीं करते हैं तो आपकों अर्श से फर्श की यात्रा के लिए तैयार रहना चाहिए।
पीएम मोदी को लेकर कही ये बात
इसके बाद आरजेडी सांसद ने कहा कि 2020 में तमाम कोशिशों के बाद भी हम (RJD) सिंगल लार्जेस्ट पार्टी रहे। प्रधानमंत्री को लेकर मनोज झा ने कहा कि आइए बिहार, आपका फैसला बिहारी करेंगे, कुछ भी करिए लेकिन बिहार को ठगिए नहीं। ध्रुवीकरण जैसे मुद्दों को लेकर बिहार नहीं आइए। हम मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं, कौन पलटेगा इससे कोई मतलब नहीं है, हम लंबी लकीर खींच रहे हैं, उससे लंबी लकीर कोई खींच कर बता दें।
Created On :   9 Feb 2025 6:43 PM IST