योजना का ऐलान होते ही AAP हमलावर: दिल्ली में रेखा गुप्ता सरकार की महिला समृद्धि योजना पर आतिशी का प्रहार, PM मोदी की गांरटी को बताया जुमला

- दिल्ली में भाजपा सरकार का बड़ा ऐलान
- राज्य में लागू की महिला समृद्धि योजना
- भाजपा सरकार की योजना पर आप हमलावर
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिला दिवस के मौके पर शनिवार को महिला समृद्धि योजना लागू करने की घोषणा कर दी है। इस योजना के तहत पात्र लाखों महिलाओं के बैंक खाते में प्रति माह 2500 रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे। रेखा गुप्ता सरकार की इस योजना को लेकर आम आदमी पार्टी ने निशाना साधा है। दिल्ली की पूर्व सीएम और आप विधायक आतिशी ने योजना पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस योजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जुमला बताया है।
महिला समृद्धि योजना पर आतिशी का हमला
आप विधायक आतिशी ने कहा, "दिल्ली चुनाव से पहले PM मोदी ने महिलाओं से वादा किया था कि 8 मार्च से हर महीने उनके बैंक खाते में 2500 रुपये आएंगे। उन्होंने कहा था कि यह मोदी की गारंटी है। आज महिलाएं फोन पर मेसेज आने का इंतज़ार करती रहीं। बीजेपी सरकार ने साबित कर दिया कि वो मोदी की गारंटी नहीं बल्कि एक जुमला था। सिर्फ पैसे नहीं बल्कि एक योजना तक नहीं मिली। रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल तक नहीं मिला। सिर्फ 4 सदस्यों की एक कमेटी मिली।"
इस दौरान उन्होंने भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा। आतिशी ने कहा, "एक कहावत है खोदा पहाड़ निकली चुहिया। आज बीजेपी की दिल्ली सरकार ने ये साफ कर दिया। पीएम मोदी ने दिल्ली की महिलाओं से झूठ बोला था। शायद ये एक शुरुआत है। दिल्ली के लोगों को आगे ये पता चलेगा कि जिस घोषणापत्र के वादे पर लोगों ने बीजेपी को वोट दिया वो सब झूठ निकलेगा।"
केंद्र सरकार पर भी साधा निशाना
इसके बाद आतिशी ने कहा, "दिल्ली की महिलाओं के साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है। उनको झुनझुना पकड़ा दिया गया है। बीजेपी सरकार ने यह साबित कर दिया है कि मोदी जी ने दिल्ली की महिलाओं से झूठ बोला था। जिन वादों के साथ भाजपा सरकार सत्ता में आई थी, उन वादों को पूरा नहीं कर रही है। अब दिल्ली की जनता को भी इनकी सच्चाई पता चल रही है।"
Created On :   8 March 2025 5:33 PM IST