दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल ने BJP पर फिर लगाया बड़ा आरोप, कहा - 'हमारी गाड़ी तोड़ी, प्रचार सामग्री छीनी'
![चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल ने BJP पर फिर लगाया बड़ा आरोप, कहा - हमारी गाड़ी तोड़ी, प्रचार सामग्री छीनी चुनाव से पहले अरविंद केजरीवाल ने BJP पर फिर लगाया बड़ा आरोप, कहा - हमारी गाड़ी तोड़ी, प्रचार सामग्री छीनी](https://www.bhaskarhindi.com/h-upload/2025/02/02/1399687-.webp)
- दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा चुनाव के नजदीक आते चुनाव प्रचार अभियान तेजी से वायरल हो रहा है। इस बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रचार के दौरान नई दिल्ली सीट से कैम्पेन गाड़ी को तोड़ा गया है।
आम आदमी पार्टी ने भाजपा पर लगाए आरोप
इसे लेकर अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, "हमारे कार्यकर्ताओं को भी अमित शाह जी के गुंडे डराने धमकाने मे लगे हुए हैं। इस दौरान उन्होंने एक पोस्ट को भी टैग किया। आप के राष्ट्रीय संयोजक ने लिखा, ''प्रचार से रोकने के लिए BJP के गुंडों द्वारा पूरी दिल्ली में हिंसा ज़ारी है। बीजेपी के गुंडे पूरी दिल्ली में आतंक मचा रहे हैं, AAP कार्यकर्ताओं की प्रचार सामग्री छीन रहे हैं, LED Screen वाली गाड़ियों पर हमला कर रहे हैं।"
अरविंद केजरीवाल ने लिखा, "लेकिन दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग अमित शाह के इशारे पर खामोश बैठकर सिर्फ़ तमाशबीन बने हुए हैं। दिल्लीवाले, इस गुंडागर्दी और हिंसा के लिए BJP को बुरी तरह हरा कर सबक सिखाएंगे।"
अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर बोला हमला
इसके अलावा दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर अन्य पोस्ट भी शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा, "किसी ने नहीं सोचा था कि दिल्ली में ऐसे खुले आम गुंडागर्दी हो सकती है।''इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के पोस्ट को भी टैग किया। इस पोस्ट में सीएम आतिशी ने लिखा, ''दिल्ली में गुंडागर्दी की हदें पर हो गई हैं। चुनाव में हार की बौखलाहट से अब बीजेपी के कार्यकर्ता गली गली में गुंडागर्दी कर रहे हैं। यह वीडियो देखिए। गोविंदपुरी में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं से हाथापाई कर के पर्चे छीने जा रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल ने इससे पहले एक पोस्ट में लिखा, ''बीजेपी बुरी तरह से हार रही है। अमित शाह जी बुरी तरह से बौखला गए हैं। अब वो दिल्ली के लोगों पर सीधे-सीधे हमले करवा रहे हैं। जगह-जगह लोगों को खुले आम पीटा जा रहा है। पुलिस को ऊपर से आदेश है कि कुछ नहीं करना। मजबूरी में पुलिस खड़े होकर जनता पर खुले आम हो रही हिंसा को देखती रहती है।''
Created On :   2 Feb 2025 6:07 PM IST