सपा प्रमुख का आरोप: 'समाज बांटने के लिए बीजेपी करती है पैसे खर्च', निशिकांत दुबे की SC वाली टिप्पणी के बाद अखिलेश यादव का बड़ा आरोप

समाज बांटने के लिए बीजेपी करती है पैसे खर्च, निशिकांत दुबे की SC वाली टिप्पणी के बाद अखिलेश यादव का बड़ा आरोप
  • निशिकांत दुबे के बयान पर अखिलेश यादव का रिएक्शन
  • बीजेपी को जमकर घेरा
  • लगाया समाज को बांटने का आरोप

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे की सुप्रीम कोर्ट वाली टिप्पणी पर प्रितिक्रिया दी है। उन्होंने रविवार (20 अप्रैल) को मीडिया से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि वह बीजेपी ही है जो धर्मों के बीच दरार पैदा करने पर तुली हुई है। सपा सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि बीजेपी समाज में दरार पैदा करने के लिए पैसे खर्च करती है। इसके अलावा सपा सांसद ने यह भी बताया कि मुर्शिदाबाद में हिंसा के बाद पश्चिम बंगाल सरकार क्या कदम उठा रही है?

अखिलेश यादव का बीजेपी पर निशाना

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के सुप्रीम कोर्ट पर दिए गए बयान पर सपा प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि सच तो यह है कि अगर कोई धर्मों के बीच दरार पैदा कर रहा है तो वह भाजपा है। धर्म, जाति के नाम पर समाज में विभाजन पैदा करना भाजपा का बहुत सुनियोजित कार्यक्रम है और वे इस पर पैसा खर्च करते हैं। जो कुछ भी कहा गया वह भाजपा की सोच है।

'पश्चिम बंगाल में हो रहा कार्रवाई'

मुर्शिदाबाद हिंसा पर सपा के मुखिया और सांसद अखिलेश यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कार्रवाई हो रही है, जांच चल रही है। कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। अगर दंगे भड़काने के पीछे कोई है तो वो हमेशा बीजेपी ही है। बीजेपी के लोग समाज में ऐसे विवाद पैदा करना चाहते हैं ताकि वो राजनीतिक फायदा उठा सकें।

निशिकांत दुबे ने SC के खिलाफ क्या कहा?

यह मामला शनिवार (19 अप्रैल) को शुरू हुआ जब बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने मीडिया से बात करते समय SC को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगर अदालत ही कानून बनाएगी, तो संसद को बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा, 'भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना इस देश में हो रहे सभी गृहयुद्धों के लिए जिम्मेदार हैं।'

बीजेपी सांसद की बढ़ी मुश्किलें!

पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना (Azad Adhikar Sena) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिताभ ठाकुर (Amitabh Thakur) ने इस मामले में बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने रविवार (25 अप्रैल) को इस मामले को लेकर क्रिमिनल कंटेंप्ट याचिका दाखिल कर दी है जिससे भाजपा सांसद की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

Created On :   20 April 2025 2:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story