दिल्ली सियासत: दिल्ली नगर निगम के मेयर इलेक्शन से पहले आप को झटका, 4 पार्षदों ने जॉइन की BJP, वीरेंद्र सचदेवा ने दिलाई सदस्यता, AAP को भी घेरा

- आप को बड़ा झटका
- 4 पार्षद बीजेपी में शामिल
- अप्रैल में दिल्ली नगर निगम के मेयर का इलेक्शन
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद अब अप्रैल में दिल्ली नगर निगम के मेयर का इलेक्शन होना है। इससे पहले ही आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। शनिवार (15 फरवरी) को AAP के 4 पार्षदों ने भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर ली है। दिल्ली के बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सभी को पार्टी सदस्यता दिलवाई है। इस दौरान सचदेवा ने आप पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी को लूटने वालों को सजा दी जाएगी।
सचदेवा ने आप को घेरा
बीजेपी के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र सचदेवा ने आप पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली दिल्ली सरकार के सारे कुकर्म खत्म होने जा रहे हैं और सजा भी उसी हिसाब से दी जाएगी। चाहे शीश महल हो, शराब घोटाला हो, जल बोर्ड घोटाला हो, पैनिक बटन घोटाला हो, राशन कार्ड घोटाला हो या मोहल्ला क्लीनिक घोटाला हो। दिल्ली को लूटने का काम करने वाले हर व्यक्ति को सजा मिलेगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
चार पार्षद बीजेपी में शामिल
आपको बता दें कि, आम आदमी पार्टी के जिन चार पार्षदों ने पार्टी छोड़ी उनके नाम संदीप बसोया, अनीता बसोया, निखिल चपराना और धर्मवीर हैं।
पिछले साल कब हुए थे इलेक्शन?
मेयर का चुनाव आखिरी बार पिछले साल नवंबर के महीने में हुआ था। आम आदमी पार्टी के महेश खिंची ने भाजपा के किशन लाल को मात्र 3 मतों से मात दी थी। मालूम हो कि, बीते साल 263 मत डाले गए थे। खिंची को 133 वोट मिले थे। वहीं, किशन लाला को 130 मत हासिल हुए थे। हालांकि, 2 मत अवैध हो गए थे।
बीजेपी की शानदार जीत
दिल्ली की सफी 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को एक ही चरण में मतदान हुआ था। जिसके बाद 8 फरवरी को नतीजों का एलान हुआ था। बीजेपी ने 27 सालों के लंबे इंतजार के बाद 48 सीटें जीत कर सत्ता हासिल की है। वहीं, 22 सीटों के साथ आम आदमी पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है। बात करें कांग्रेस की तो पार्टी का खाता ही नहीं खुला पाया। कांग्रेस एक भी सीट हासिल करने में नाकाम रही है।
Created On :   15 Feb 2025 3:34 PM IST