बदल सकता है इन राज्यों में मौसम का रुख, जानिए, क्या ठंड से मिलेगी राहत

- उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है
डिजिटल डेस्क,नई दिल्ली। हवाओं का रुख बदलने के साथ ही रात का तापमान धीरे - धीरे बढ़ने लगा है। इससे ठंड से थोड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान और उससे लगे हुए जम्मू-कश्मीर पर बना हुआ है। 26 दिसंबर को भी एक पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत की तरफ बढ़ने की संभावना है। उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी भी हो सकती है। साथ ही 27 दिसंबर से दिल्ली, हिमाचल, उत्तराखंड, झारखंड, यूपी, मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं बादल छाने के साथ ही बौछारें पड़ने का सिलसिला शुरू होने की भी संभावना जताई गई है।
राजधानी दिल्ली सहित पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड और शीतलहर की चपेट में हैं। वहीं मौसम विभाग ने क्रिसमस के बाद दिल्ली में 27 और 28 दिसंबर को हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को पांच जिलों चंबा, किन्नौर कुल्लू, लाहुल-स्पीति और शिमला के कुछ क्षेत्रों में हिमपात और बारिश की संभावनाएं हैं। सुबह-शाम के तापमान में कमी आएगी और ठंड बढ़ेगी। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग ने 26 व 27 दिसंबर को भारी हिमपात व बारिश की चेतावनी दी।
दिल्ली में बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 24 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली में बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में 26-27 दिसंबर तक बारिश का भी अनुमान है। जिसके बाद तापमान में कमी आ सकती है।
उत्तराखंड का हाल
उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मैदानी क्षेत्रों में कोहरा और पर्वतीय इलाकों में पाले से गलन वाली ठंड पड़ रही है। गुरुवार को मैदानों में सुबह बादल छाए हुए थे। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई। इससे ठंड में इजाफा हो गया। हालांकि, दोपहर होते-होते आसमान साफ हो गया और फिर चटख धूप खिली रही। मौसम विभाग के अनुसार, ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते शनिवार से प्रदेश में मौसम करवट बदल सकता है। रविवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
Created On :   25 Dec 2021 5:55 PM IST