Snowfall: उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप, हिमाचल के 8 जिलों में 4 फीट तक बर्फ जमी, 588 सड़कें बंद

- अगले 24 घंटों में उत्तराखंड
- पंजाब
- हरियाणा
- राजस्थान और यूपी में बारिश की चेतावनी
- बर्फबारी के कारण हिमाचल प्रदेश में 2436 बिजली आपूर्ति लाइनें बाधित
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली सहित उत्तर भारत में सर्दी का प्रकोप जारी है। बुधवार को हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी हुई। इस दौरान प्रदेश के करीब 8 जिलों में करीब 1 से 4 फीट तक बर्फ जम गई। इस कारण प्रदेश सरकार को करीब 588 सड़कों को बंद करना पड़ा। बर्फबारी की वजह से प्रदेश में 2436 बिजली आपूर्ति लाइनें बाधित हुई हैं और 33 जल आपूर्ति योजनाएं भी बाधित हैं।
Himachal Pradesh: After fresh snowfall, total 588 roads have been closed, 2436 electricity supply lines disrupted and 33 water supply schemes hampered in the state. In 8 districts of the state, 1 feet to 4 feet snow has accumulated at different locations; Visuals from Shimla pic.twitter.com/i4UQFNvA14
— ANI (@ANI) January 8, 2020
वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान के ऊपर बने सिस्टम के चलते अगले 24 घंटों में उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तरप्रदेश में बारिश हो सकती है। वहीं छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और पंजाब के कई जिलों में गरज-चमक के साथ ओले पड़ने की आशंका है।
दिल्ली में अगले 24 घंटे में हो सकती है बारिश
बुधवार को दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में बुधवार को हल्की बारिश हुई। सफदरजंग मौसम केंद्र के मुताबिक, सुबह 5:30 बजे तक 6 मिलीमीटर, पालम में 5 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुबह 11 बजे पारा 13 डिग्री सेल्सियस के करीब था। दिन का अधिकतम तापमान 16 डिग्री के आसपास रहा। बारिश के कारण पारा 4 से 5 डिग्री लुढ़क सकता है। दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटे में बारिश हो सकती है।
मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश में बारिश के साथ ओलावृष्टि
मध्यप्रदेश में सागर के बकस्वाहा क्षेत्र में करीब एक दर्जन से अधिक गांवों और पन्ना में बुधवार सुबह बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। यहां दिन के तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे ठंडा ग्वालियर रहा, जहां दिन का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री पहुंच गया। इसके अलावा उत्तरप्रदेश की राजधानी सहित रायबरेली, अयोध्या, अमेठी, वाराणसी में भी बुधवार को हल्की बूंदाबांदी हुई।
उत्तराखंड में अगले 24 घंटे में बारिश की चेतावनी
पाकिस्तान के ऊपर बने पश्चिम विक्षोभ के कारण उत्तराखंड में भी अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना है। कई मैदानी राज्यों में भी इसका असर नजर आ सकता है। अगले 24 घंटे में उत्तराखंड के अलावा पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, कई स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं।
Created On :   8 Jan 2020 9:33 PM IST