देवड़ा के इस्तीफे पर निरुपम का तंज, कहा...ये ऊपर बढ़ने की सीढ़ी

- कांग्रेस को उनसे सतर्क रहने की दी सलाह
- निरुपम ने देवड़ा पर साधा निशाना
- लोकसभा में हार के बाद जारी है इस्तीफों का दौर
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा के इस्तीफे के बाद कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने तंज कसा है। इशारों ही इशारो में निरुपम ने देवड़ा पर निशाना साधा है, उनके इस्तीफे को निरुपम ने ऊपर चढ़ने की सीढ़ी बताया है। निरुपम ने कहा कि ऐसे कर्मठ लोगों से कांग्रेस को सावधान रहना चाहिए।
कयास लगाए जा रहे हैं कि मिलिंद देवड़ा को राष्ट्रीय स्तर पर काम करने का मौका मिल सकता है। इस जानकारी के बाद ही संजय निरुपम का ट्वीट सामने आया है। ट्वीट में उन्होंने लिखा है कि इस्तीफे में त्याग की भावना अंतर्निहित होती है, जबकि यहां तो दूसरे ही पल राष्ट्रीय स्तर का पद मांगा जा रहा है। इसे इस्तीफा मानें या ऊपर बढ़ने की सीढ़ी। पार्टी को ऐसे लोगों से सतर्क रहने की जरूरत है।
बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी ने संजय निरुपम की जगह मिलिंद देवड़ा को मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया था, लेकिन महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से 3 माह पहले उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने दिल्ली जाकर राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय रहने की इच्छा प्रकट की है।
मिलिंद देवडा के इस्तीफे को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के इस्तीफे के साथ एकजुटता की तरह देखा जा रहा है, देवड़ा ने 4 जुलाई को राहुल गांधी की मुंबई यात्रा का प्रबंधन भी किया था, तब उन्होंने कहा था कि चुनावों की तैयारी के लिए उन्हें जो समय दिया गया था वह बहुत कम था।
संजय निरुपम को जब मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष के पद से हटाया गया था तो उन्होंने कहा था कि कोई भी पद स्थाई नहीं होता है, उन्होंने यह भी कहा था कि उन्हें अध्यक्ष पद से हटाकर मुंबई नॉर्थ वेस्ट क्षेत्र दिया गया है।
Created On :   7 July 2019 9:53 PM IST