मुंबई में हुई मानसून की एंट्री, दिल्ली और एमपी को अभी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, इस तारीख तक करना होगा मानसून का इंतजार

- 13 जून से प्रदेश के अधिकांश भागों में बारिश होने लगेगी
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुंबई में मानसून का प्रवेश हो गया है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून मुंबई और उसके आसपास के इलाकों तक पहुंच गया है। मुंबई में आज सुबह झमाझम बारिश हुई। तेज बारिश की वजह से शहर के निचले भागों में पानी भर गया। मुंबई में मानसून की एंट्री का असर महाराष्ट्र के अन्य भागों खासकर मध्य महाराष्ट्र पर पड़ा है। यहां पर भी मानसून ने दस्तक दे दी है।
#WATCH | Rain lashes parts of Mumbai. Visuals from Wadala area pic.twitter.com/7VC6IUWuO4
— ANI (@ANI) June 11, 2022
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 11 जून की शाम तक गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडू व पश्चिम बंगाल में मानसून पहुंच जाएगा। विभाग ने बताया कि आगामी पांच दिनों में पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है। वहीं विभाग ने कहा है कि, देश की राजधानी दिल्ली में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा।
48 घंटों में बंगाल की खाड़ी पहुंच जाएगा मानसून
मौसम विभाग का कहना है कि गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना के कुछ हिस्सों के साथ देश के पश्चिम-मध्य और उत्तर पश्चिम भागों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनूकूल परिस्थितियां हैं। अगले दो दिनों के दौरान मानसून के बंगाल की खाड़ी में पहुंचने की प्रबल संभावनाएं हैं।
मध्यप्रदेश में कब आएगा मानसून?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मध्यप्रदेश में गर्मी का दौर अभी दो-तीन और चलेगा। 13 जून से प्रदेश के अधिकांश भागों में बारिश होने लगेगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, सूबे में मानसून की एंट्री 15 जून के बाद हो जाएगी और इसके 1 हफ्ते बाद यानि 20-22 जून तक मानसून के पूरे प्रदेश में प्रभावी होने के आसार हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार, एक ही जगह रुका मानसून अब ट्रेक पर लौट रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से थोड़ी राहत मिलेगी।
प्री मानसून एक्टिविटी शुरू
एमपी के कई हिस्सों में दो दिन से प्री-मानसून एक्टिव है। बारिश की वजह से तापमान में कमी आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। बात करें प्रदेश के महानगरों की तो भोपाल में 41.9, इंदौर में 40, जबलपुर में 41.6 और ग्वालियर में 44.4 डिग्री तापमान रहा, जो अन्य दिनों के मुकाबले कम था। इसी के साथ मौसम विभाग ने आज भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार जताए हैं।
Created On :   11 Jun 2022 3:35 PM IST