जबलपुर : नागरिकता संशोधन एक्ट के समर्थन में अमित शाह की रैली

- CAA समर्थन में भाजपा
- खिलाफ कांग्रेस
- गृह मंत्री अमित शाह की जबलपुर में जनसभा
- नागरिकता कानून के समर्थन में रैली को
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में आज (रविवार) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में रैली करेंगे। भाजपा द्वारा देशभर में चलाए जा रहे जन जागरण अभियान के तहत एक जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड जनसभा को संबोधित करेंगे। अमित शाह का यह दौरा इसलिए ज्यादा महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि 2 दिन पहले ही इस कानून का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।
वहीं मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार नागरिकता संशोधन कानून को लेकर साफ कर चुकी है कि वह इस कानून को लागू नहीं करेगी। ऐसे में माना जा रहा है कि भाषण के दौरान शाह के निशाने पर कांग्रेस के साथ ही प्रदेश सरकार भी रहेगी। भाजपा का दावा है कि शाह की सभा में 10 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे और इसी को ध्यान में रखते हुए गैरिसन ग्राउंड पर कार्यक्रम को लेकर तैयारियां भी की गई हैं। शाह के अलावा प्रदेश के बड़े नेता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव समेत कई बड़े नेता जबलपुर में ही रहेंगे।
कांग्रेस के दो विधायकों ने किया नागरिकता संशोधन कानून का समर्थन
कांग्रेस नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का विरोध कर रही है, मगर मध्य प्रदेश के दो कांग्रेस विधायकों के बयानों ने इस मुद्दे पर पार्टी को मुश्किल में डाल दिया है। राज्य के दो कांग्रेस विधायकों ने अपने-अपने तरह से CAA का समर्थन किया है। मंदसौर जिले के सुवासरा से विधायक हरदीप सिंह डंग ने कहा है, पाकिस्तान, बांग्लादेश आदि देशों के दुखी लोगों को भारत में सुविधा मिलती है तो उसमें बुराई क्या है। उन्होंने CAA और NRC को अलग-अलग देखने की बात कही है।
इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई और विधायक लक्ष्मण सिंह ने भी CAA पर राजनीति बंद करने की सलाह देते हुए ट्वीट किया, नागरिकता कानून की राजनीति बंद करो। अब तो मुसलमान भी कह रहे हैं कि बंद करो। वे कह रहे हैं कि हमारे रोजगार की व्यवस्था करो। रस्सी को ज्यादा खींचने से वह टूट जाती है।
Created On :   12 Jan 2020 4:14 PM IST