मौसम अपडेट: एमपी के दिन का पारा पहुंचा 44 डिग्री के पार, कई जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी, जानें कैसा रहने वाला है आपके शहर के मौसम का हाल

- एमपी के मौसम में दिख रहा है लगातार बदलाव
- 44 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया पारा
- लू चलने का भी अलर्ट जारी
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में लोगों को गर्मी ने परेशान करके रखा हुआ है। प्रदेश के कई सारे शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। प्रदेश के करीब 5 जिलों में हीटवेव चलने के आसार हैं, जिसमें रतलाम, गुना, सागर, दमोह और सीधी शामिल हैं। इसके अलावा ग्वालियर शिवपुरी और मंडला की रात गर्म रह सकती है। प्रदेश के तापमान के बारे में जानें तो, यहां पर 44 डिग्री तक पारा दर्ज किया गया है। साथ ही गर्मी के तीखे तेवर देखने को मिल रहे हैं।
कब तक ऐसा रहा है मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में गर्म हवा चलने से ही पारे में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। प्रदेश में सुबह से ही तेज धूप खिलनी शुरू हो जाती है। इस वजह से ही दिन के पारे के साथ-साथ रात का पारा भी बढ़ा रहता है और रातें भी गर्म होने लगी हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दो चार दिनों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है लेकिन इससे पहले भारी गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा।
कैसा रहा प्रदेश का तापमान?
एमपी के तापमान के बारे में जानें तो, शनिवार को प्रदेश का पारा 44 डिग्री तक पहुंच गया था, जिसमें शिवपुरी सबसे गर्म रहा। वहीं, करीब 26 शहरों में तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है। सागर-नर्मदापुरम में 42.8 डिग्री सेल्सियस, मंडला-खजुराहो में 42.6 डिग्री सेल्सियस, नौगांव में 42.5 डिग्री सेल्सियस, दमोह में 42.4 डिग्री सेल्सियस, उमरिया में 42.3 डिग्री सेल्सियस, टीकमगढ़ में 42 डिग्री सेल्सियस, रायसेन में 41.8 डिग्री सेल्सियस, खरगोन में 41.6 डिग्री सेल्सियस, खंडवा में 41.5 डिग्री सेल्सियस, रतलाम में 41.4 डिग्री सेल्सियस, शाजापुर में 41.3 डिग्री सेल्सियस, धार, मलाजखंड में 41.1 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हुआ है। इसके अलावा भी प्रदेश के कई सारे जिलों में 40 से ऊपर ही तापमान दर्ज किया गया है।
कैसा रहेगा प्रदेश का मौसम?
बात करें प्रदेश के आने वाले मौसम की तो, उत्तर पश्चिमी हवाओं का दौर शुरू हो जाएगा, जिसके चलते इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, चंबल, सागर, रीवा, सतना, नर्मदापुरम के अलावा और भी कई सारी जगहों पर न्यूनतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। इसके अलावा आने वाले दो चार दिनों तक लू भी चल सकती है। साथ ही हल्की बारिश होने की भी संभावना है। वहीं, अधिकतम तापमान करीब 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जाएगा।
Created On :   20 April 2025 1:14 PM IST