Economic Package: पीएम ने देश की आर्थिक व्यवस्था को लगाया 20 लाख करोड़ का मरहम, जानें किस देश ने कितना पैकेज दिया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना संकट से जूझ रहे देश के विभिन्न वर्गों के लिए मंगलवार को कुल 20 लाख करोड़ के आर्थिक पैकेज की घोषणा की। यह राशि भारत की जीडीपी की 10 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि 20 लाख करोड़ रुपए का ये पैकेज, 2020 में आत्मनिर्भर भारत अभियान को एक नई गति देगा। उन्होंने कहा कि एक्सपर्ट बताते हैं कि कोरोना लंबे समय तक जिंदगी का हिस्सा बना रहेगा, लेकिन हम अपने लक्ष्यों को दूर नहीं होने देंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने रात आठ बजे से देश को संबोधित करते हुए कहा कि आज एक विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा करता हूं। हाल में सरकार ने कोरोना संकट से जुड़ी जो आर्थिक घोषणाएं की थीं, जो रिजर्व बैंक के फैसले थे, और आज जिस आर्थिक पैकेज का ऐलान हो रहा है, उसे जोड़ दें तो ये करीब-करीब 20 लाख करोड़ रुपए का है। ये पैकेज भारत की जीडीपी का करीब-करीब 10 प्रतिशत है। इस पैकेज में लैंड, लेबर, लिक्विडिटी और लॉज सभी पर बल दिया गया है।
जापान ने जीडीपी का सबसे ज्यादा 21.1% आर्थिक पैकेज दिया
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कोरोना वायरस महामारी के बीच दुनियाभर के देशों ने भी आर्थिक पैकेज की घोषणा अपने देश में की है। इस मामले में जापान सबसे आगे है। जापान ने अपनी जीडीपी की 21.1% राशि आर्थिक पैकेज के रूप में दी है। इसके बाद अमेरिका में 13%, स्वीडन में 12%, जर्मनी में 10.7%, भारत में 10%, फ्रांस में 9.3%, स्पेन ने 7.3%, इटली ने 5.7%, यूके ने 5%, चीन 3.8% और दक्षिण कोरिया ने अपनी जीडीपी की 2.2% राशि आर्थिक पैकेज के रूप में अपने देश को दी थी।
देश में इन्हें मिलेगा आर्थिक पैकेज का लाभ
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह आर्थिक पैकेज हमारे कुटीर उद्योग, लघु, मंझोले उद्योग, एमएसएमई के लिए हैं। जो करोड़ों लोगों की आजीविका का साधन हैं। जो आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का मजबूत आधार है। यह आर्थिक पैकेज देश के उस श्रमिक के लिए है, उस किसान के लिए है, जो हर मौसम में देशवासियों के लिए दिन-रात परिश्रम करते हैं। यह आर्थिक पैकेज हमारे देश के मध्यम वर्ग के लिए है, जो ईमानदारी से टैक्स देकर देश के विकास में योगदान देता है। यह पैकेज आर्थिक जगत के लिए है जो भारत के आर्थिक विकास को बुलंदी देते हैं। आगे वित्त मंत्री के स्तर से इस आर्थिक पैकेज की विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
Created On :   12 May 2020 10:44 PM IST