Covid19 India: देश में कोरोना मरीजों की संख्या 12380 हुई, अब तक 414 लोगों ने गंवाई जान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में नोवल कोरोना वायरस (Novel Coronavirus) के संक्रमण के मामले बढ़ते जा रहे हैं। देश में मरीजों का कुल आंकड़ा 12 हजार के पार पहुंच गया है। वहीं महामारी से मरने वालों की संख्या 414 है। हालांकि अभी तक 1489 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। इसी बीच राहत की खबर है कि, दिल्ली में लगातार दूसरे दिन संक्रमण के मामले कम हुए हैं। राजधानी में पिछले 24 घंटे में सिर्फ 17 नए मामले सामने आए हैं। वहीं मुंबई और इंदौर में हालात नाजुक हैं।
India"s total number of #Coronavirus positive cases rises to 12,380 (including 10,477 active cases, 1489 cured/discharged/migrated and 414 deaths): Ministry of Health and Family Welfare pic.twitter.com/wxRWRTCMp2
— ANI (@ANI) April 16, 2020
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा गुरुवार सुबह जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 12,380 हो गई है। मंत्रालय ने कहा, वर्तमान में 10,477 लोग महामारी से पीड़ित हैं, जबकि उपचार के बाद पूर्ण रूप से स्वस्थ हुए कुल 1488 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वहीं कोविड-19 संक्रमण के चलते देशभर में 414 लोगों की मौत देखने को मिली है। स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, अंडमान के 11 संक्रमित मामलों में से 10 व्यक्तियों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। आंध्र प्रदेश में कुल आंकड़ा 525 है। यहां 14 मौतों सहित 20 व्यक्ति ठीक हुए हैं। अरुणाचल में सिर्फ एक, तो असम में 33 मामले सामने आए, जिसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
बिहार
बिहार में अब तक 70 लोग कोविड-19 महामारी से पीड़ित बताए जा रहे हैं, जिनमें से एक की मौत हुई है और उपचार के बाद 29 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। चंडीगढ़ में आंकड़ा 21 है, जिनमें से 7 ठीक हो गए हैं। छत्तीसगढ़ में महामारी से संक्रमित लोगों की संख्या 33 है। राज्य के 17 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी मिली है।
दिल्ली में स्थिति गंभीर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 1578 व्यक्ति इस वायरस से संक्रमित हुए, जिनमें से 40 को छुट्टी दे दी गई है और 32 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। उधर, गोवा में सिर्फ 7 मामले सामने आए हैं, उनमें से भी 5 को डिस्चार्ज किया जा चुका है।
गुजरात
गुजरात में इस वायरस से पीड़ित लोगों की संख्या 766 पहुंच गई है। 64 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। 33 की मौत हो गई है। हरियाणा में भी आंकड़ा 200 को पार कर गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यहां अब तक 205 लोग इस वायरस से पीड़ित हैं। 43 को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है, 3 की मौत हुई है। हिमाचल में आंकड़ा 35 पहुंचा है,16 डिस्चार्ज किया गया, 1 की मौत हो गई है।
जम्मू एवं कश्मीर
जम्मू एवं कश्मीर में यह मामला 300 हो गया है। यहां अब तक 36 लोगों को डिस्चार्ज किया चुका है और 4 मौतें भी देखने को मिली हैं। झारखंड में सिर्फ 28 मामले सामने आए हैं, दो की मौत हुई है। कर्नाटक में यह आंकड़ा 289 पहुंच गया है। 80 को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है और 12 की मौत हो गई है। केरल में तीन मौतों के साथ आंकड़ा 388 पहुंच गया है, 218 को डिस्चार्ज किया गया है। उधर, लद्दाख में 17 लोग कोरोना से संक्रमित बताए गए हैं। इस में से 10 को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश में संक्रमितों की संख्या अधिक है, अब तक जारी रिपोर्ट के मुताबिक 987 लोग इस वायरस से पीड़ित हैं, 64 को डिस्चार्ज किया गया है, जबकि महामारी के चलते 53 लोगों की मौत हुई है। आकड़ों के लिहाज से महाराष्ट्र में अभी भी देश में सबसे ज्यादा लोग कोरोना से संक्रमित है। स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक यहां 2916 लोग महामारी की चपेट में आए, जिनमें से 187 लोगों की मौत हो गई और 295 को डिस्चार्ज किया गया है।
मणिपुर में अब तक सिर्फ 2 और मेघालय में 7 मामले सामने आए हैं, जबकि नागालैंड में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। इस बीच उड़ीसा में 60 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 18 को डिस्चार्ज किया गया। राज्य में संक्रमण के चलते एक मौत हुई है। पुडुचेरी के सात मामलों में से एक व्यक्ति को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पंजाब में कुल 186 मामले सामने आए, जिनमें से 13 मौतें हुई है और 27 को डिस्चार्ज किया गया है।
वहीं, राजस्थान अभी भी महामारी का हॉटस्पॉट बना हुआ है। यहां कुल 1023 लोग कोविड-19 से संक्रमित हैं और तीन मौतें हुई हैं, जबकि 147 को डिस्चार्ज किया गया है। तमिलनाडु में 1242 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। राज्य में 14 मौतों के साथ स्वस्थ होने वालों की संख्या 118 है। तेलंगाना में यह आंकड़ा 18 मौतों के साथ 645 पहुंच चुका है, जिनमें से 120 को डिस्चार्ज किया गया है। उधर, त्रिपुरा में सिर्फ 2 मामले सामने आए हैं।
उत्तराखंड की बात करें, तो यहां 30 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई, जिसमें से उपचार के बाद पूर्ण रूप से स्वस्थ हुए 9 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। उत्तर प्रदेश में आंकड़ा 736 है, 11 मौतें देखने को मिली है और 51 व्यक्तियों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। उधर पश्चिम बंगाल में कोरोना पीड़ित लोगों की संख्या 231 हो गई है, जबकि 42 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा चुका है और 7 लोगों की मौत हुई है।
Created On :   16 April 2020 10:17 AM IST