राहुल गांधी की सांसदी जाने पर कांग्रेस हुई आक्रामक

- खड़गे ने कहा कि लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को मानहानि मामले में दो साल की सजा मिलने और लोकसभा सचिवालय द्वारा उनकी लोकसभा सदस्यता को रद्द करने के बाद कांग्रेस आक्रामक मुद्रा में आ गई है। पार्टी ने भाजपा पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि यह राहुल गांधी को संसद से बाहर रखने की कवायद है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता के हक के लिए लड़ने वालों का मुंह बंद करने के मकसद से राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द की गई है। उन्होंने कहा कि सच बोलने के लिए चाहे जितनी कीमत चुकानी पड़े, लेकिन हमलोग सदन के अंदर और बाहर सच बोलते रहेंगे।
मैं हर कीमत चुकाने को तैयार हूं – राहुल
लोकसभा की सदस्यता जाने पर राहुल गांधी ने भी हुंकार भरी है। उन्होंने ट्वीट किया “मैं भारत की आवाज के लिए लड़ रहा हूं। मैं हर कीमत चुकाने के लिए तैयार हूं”। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की कामयाबी से भाजपा घबराई हुई है। इस यात्रा ने देश में नया उत्साह और नई राह दिखाई है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा की सफलता के कारण ही राहुल गांधी को यह कीमत चुकानी पड़ी है।
देश का पैसा लूटने वालों के बचाव में भाजपा क्यों? – प्रियंका गांधी
मानहानि मामले में राहुल गांधी की संसद की सदस्यता जाने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने पूछा कि जिन लोगों ने देश का पैसा लूटा, भाजपा उनके बचाव में क्योंे उतरी है? जांच से क्यों भाग रही है? जो लोग इस पर सवाल उठा रहे हैं, उन पर मुकदमे लादे जा रहे हैं। क्या भाजपा भ्रष्टाचारियों का समर्थन करती है? एक अन्य ट्वीट में प्रियंका ने कहा, “आप मेरे परिवार को परिवारवादी कहते हैं, जान लीजिए, इस परिवार ने भारत के लोकतंत्र को अपने खून से सींचा, जिसे आप खत्म करने में लगे हैं। इस परिवार ने भारत की जनता की अावाज बुलंद की और पुश्तों से सच्चाई की लड़ाई लड़ी। हमारी रगों में जो खून दौड़ता है, उसकी एक खासियत है। आप जैसे कायर, सत्तालोभी तानाशा के सामने कभी नहीं झुका और कभी नहीं झुकेगा। आप कुछ भी कर लीजिए”।
Created On :   24 March 2023 6:02 PM IST