ओमिक्रॉन से सबसे ज्यादा प्रभावित दक्षिण अफ्रीका से जबलपुर पहुंची एक महिला, प्रशासन कर रही तलाश, हेल्पलाइन नंबर किया जारी

- 18 नवंबर को 24 साल की महिला एयर इंडिया की फ्लाइट से पहुंची जबलपुर
डिजिटल डेस्क,भोपाल। ओमिक्रॉन से सबसे ज्यादा प्रभावित दक्षिण अफ्रीका से एक महिला मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में आई और लापता हो गई है। जिसके बाद भोपाल से लेकर दिल्ली तक ओमिक्रॉन की दहशत बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के अधिकारी महिला की तलाश के लिए लगातार काम कर रहे है। इसके लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
बता दें कि, 18 नवंबर को 24 साल की खुमो ओरीमेट सेलिन दिल्ली एयरपोर्ट से एयर इंडिया की फ्लाइट से जबलपुर पहुंची और लापता हो गई। जब इस बात का पता लगा तो, भोपाल के अधिकारियों ने जबलपुर में पूछताछ करना शुरु किया, जिसके बाद एयर इंडिया ने पूरी जानकारी सोमवार को देने की बात कही। यानि कि उस फ्लाइट में कितने यात्री सवार थे, कितने यात्री जबलपुर या कहीं और उतरे। उनकी एक-एक डिटेल। स्वास्थ्य विभाग सभी यात्रियों के नमूनें लेकर जांच के लिए भेजेगा। साथ ही दक्षिण अफ्रीका की महिला का सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा जाएगा। महिला की तलाश में शहर के सभी होटल और गेस्ट हाउस छान लिए गए। लेकिन, अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
कॉन्टैक्ट ट्रैसिंग करेगा विभाग
स्वास्थ्य विभाग की मानें तो, जैसे ही लापता महिला का पता लगेगा उसकी कॉन्टैक्ट ट्रैसिंग की जाएगी। विभाग ने रविवार को अलर्ट जारी करते हुए आम नागरिकों से भी इस मामले में मदद मांगी है और कहा कि, अगर एयर इंडिया के किसी भी फ्लाइट से आई कोई दक्षिण अफ्रीकी महिला के बारे में जानता है या जानकारी लगती है तो, वो डॉ. प्रियंक दुबे-9111007776, डॉ. विभोर हजारी-9039095222 और डॉ. विवेक ठाकुर-8962548384 को इन मोबाइल नंबरों पर सूचना दें। साथ ही होटलों को भी तलब किया गया है कि, वो विदेशी नागरिकों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को जरुर दें।
मध्यप्रदेश में कोरोना पहली लहर ने कैसे दी थी दस्तक?
राज्य में पहली बार 20 मार्च 2020 को जबलपुर में कोरोना ने दस्तक दी थी। सराफा व्यापारी मुकेश अग्रवाल , उनकी धर्मपत्नी, स्टाफ प्रभुदयाल और स्विटजरलैंड से लौटा युवक उपनिषद शर्मा संक्रमित हुए थे। साथ ही ब्लैक फंगस का भी पहला केस जबलपुर से ही सामने आया था और अब ओमिक्रॉन। इस नए वेरिएंट से सबसे ज्यादा प्रभावित देश दक्षिण अफ्रीका की महिला भी पहली बार जबलपुर में ही आई और गायब हो गई।
Created On :   29 Nov 2021 11:08 AM IST